Homeराज्यो से ,
कहां से जुड़े हैं दिल्ली धमाके के तार? अहमदाबाद से फरीदाबाद तक मिले हैं विस्फोटक, कई गिरफ्तार

देश के राजधानी दिल्ली में लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास आज शाम कार में तेज धमाका हुआ है। इस धमाके में कई लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की। एनएसजी, एनआईए और फोरेंसिक विभाग की टीमें मौके पर पहुच गईं। दिल्ली की घटना के संबंध में गृह मंत्री आईबी निदेशक के साथ लगातार संपर्क में हैं।

पीएम मोदी ने गृह मंत्री से लिया धमाके का अपडेट
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए धमाके के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और स्थिति पर अपडेट लिया है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त और खुफिया ब्यूरो के निदेशक से बात की। गृह मंत्री ने एनआईए, एनएसजी और फोरेंसिक विज्ञान के प्रमुखों को जांच में सहायता और साक्ष्य एकत्र करने के लिए टीमें भेजने का निर्देश दिया।

लाल किले के पास कार में तेज धमाका
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में एक तेज विस्फोट हुआ, जिसमें कई वाहन जलकर खाक हो गए और कई लोगों की मौत हो गई। यह विस्फोट उस व्यस्त शाम को हुआ जब इलाका लोगों से भरा हुआ था। इस धमाके में घायल हुए लोगों को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। अधिकारियों ने बताया कि शाम 7.29 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने कहा, 'आग में छह कारें, दो ई-रिक्शा और एक ऑटोरिक्शा जलकर खाक हो गए।'

गुजरात से तीन आतंकियों की गिरफ्तारी
इससे पहले सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और सूझबूझ से आतंकी साजिश पर बड़ा खुलासा हुआ था। बीते दिन गुजरात में आतंकी साजिश रचने के आरोप में तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया गया था। एटीएस ने हथियार सप्लाई करते समय तीनों संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों की पहचान डॉ. अहमद मोहिउद्दीन सैयद, मोहम्मद सुहेल पुत्र और आजाद के रूप में हुई थी। पुलिस की तरफ से जारी बयान में कहा गया, 'गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

फरीदाबाद से 2910 किलो विस्फोटक बरामद
दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 2910 किलो विस्फोटक बरामद किया गया था। बता दें कि जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में इस साजिश का पर्दाफाश किया गया और विस्फोटक के साथ-साछ अन्य हथियार बरामद किए गए। जानकारी के मुताबिक, आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और अंसर गजवत-उल-हिंद मिलकर देश को दहलाने की साजिश कर रहे थे। फरीदाबाद के धौज स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे डॉ. मुज्जमिल अहमद गनेई उर्फ मुसैब ने किराये पर दो जगह कमरा व मकान लेकर ये विस्फोटक छुपाया था। मुसैब को जम्मू एंड कश्मीर पुलिस और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने 30 अक्तूबर को अल फलाह यूनिवर्सिटी से गिरफ्तार किया था। वहीं 9 नवंबर को अल-फलाह यूनिवर्सिटी से महज 500 मीटर दूर बने मकान के एक कमरे से 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट व अन्य विस्फोटक सामान और हथियार जब्त किए गए थे।

 

Share This News :