बीजेपी अध्यक्ष पद से हटने के बाद इस राज्य की राजनीति में सक्रिय होंगे जेपी नड्डा? मिल गए संकेत
क्या बीजेपी अध्यक्ष पद से हटने के बाद हिमाचल प्रदेश की राजनीति में सक्रिय होंगे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा? यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि, करीब सात साल तक भारतीय जनता पार्टी की कमान संभालने वाले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के शिमला से लौटते ही पार्टी के नए कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का एलान हो गया। इस जिम्मेदारी से मुक्त होने के बाद नड्डा हिमाचल की राजनीति में सक्रिय हो सकते हैं।ठीक एक दिन पहले शनिवार को शिमला में उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह में नड्डा ने इसके संकेत दे दिए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के समर्थकों ने राज्य अतिथिगृह पीटरहॉफ के प्रांगण में हुए इस समारोह में भीड़ जुटाकर भी इसका संदेश दिया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी बड़े नेता मौजूद रहे।हिमाचल भाजपा के नए मुख्यालय का नींव पत्थर रखने के अलावा जगत प्रकाश नड्डा शिमला में राज्यपाल और डिप्टी सीएम के आवास पर जाने के अलावा कई नेताओं से भी मिले। मालरोड पर चहलकदमी करने के बाद राजधानी शिमला से दिल्ली लौट गए।