अजित पवार विमान हादसा: डीजीसीए की विमानन कंपनी पर बड़ी कार्रवाई, उड़ान भरने से रोके गए VSR के चार प्लेन
बारामती में पिछले महीने हुए विमान हादसे के बाद जांच में कई नियमों की अनदेखी मिलने पर डीजीसीए ने मंगलवार को वीएसआर वेंचर्स के चार विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी।इसी कंपनी का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। 28 जनवरी को लियरजेट 45 (वीटी-एसएसके) विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने वीएसआर वेंचर्स का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने का आदेश दिया था। नियामक ने बयान में कहा कि रखरखाव प्रक्रियाओं में खामियां देखते हुए लियरजेट 40/45 श्रेणी के चार विमान (वीटी-वीआरए, वीटी-वीआरएस, वीटी-वीआरवी और वीटी-टीआरआई) को तब तक ग्राउंड (उड़ान से रोका जाना) किया गया है, जब तक उनकी निरंतर उड़ान योग्यता के मानक बहाल नहीं हो जाते। डीजीसीए ने कंपनी को कारण बताओ पत्र जारी कर गैर-अनुपालन के मूल कारणों का विश्लेषण प्रस्तुत करने को कहा है। जवाब की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की प्रारंभिक रिपोर्ट 28 फरवरी से पहले आने की उम्मीद है। इस बीच कुछ हलकों में दुर्घटना को लेकर साजिश की आशंकाएं भी जताई गई हैं।