Homeदेश विदेश,slider news,
ईरान में हमलों से 201 लोगों की मौत, इस्राइली सेना का दावा- 500 ठिकानों को बनाया निशाना

ईरान की रेड क्रीसेंट सोसाइटी के अनुसार अमेरिका और इस्राइल के हमलों में अब तक 201 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 747 लोग घायल बताए गए हैं। मेहर न्यूज एजेंसी को दिए बयान में संगठन के प्रवक्ता ने कहा कि देश के 24 प्रांत हमलों से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। रेड क्रीसेंट की 220 से अधिक टीमें मौके पर तैनात हैं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान लगातार जारी है।कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और विदेश मंत्री अनीता आनंद ने संयुक्त बयान जारी कर पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को बेहद अस्थिर बताया है। दोनों नेताओं ने ईरान और आसपास के देशों में मौजूद कनाडाई नागरिकों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने को कहा है।फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि ईरान पर हुए हमलों की पहले से फ्रांस को कोई जानकारी नहीं दी गई थी और न ही फ्रांस इसमें शामिल था। पेरिस में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक के दौरान मैक्रों ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता विदेशों में मौजूद फ्रांसीसी नागरिकों और संपत्तियों की सुरक्षा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा संकट का समाधान सैन्य कार्रवाई नहीं बल्कि कूटनीति और संवाद के जरिए ही संभव है।वेनेजुएला सरकार ने ईरान पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जारी कूटनीतिक प्रयासों के बीच सैन्य कार्रवाई का रास्ता चुनना गंभीर चिंता का विषय है। सरकार ने बयान में कहा कि इस कदम से क्षेत्र में तनाव और बढ़ा है तथा कई देशों में जवाबी सैन्य कार्रवाई की स्थिति बनी है। वेनेजुएला ने कहा कि ऐसे कदम अंतरराष्ट्रीय शांति को नुकसान पहुंचाते हैं और बातचीत के जरिए समाधान तलाशना ही बेहतर विकल्प होना चाहिए।



Share This News :