रवि किशन 7 स्टार होटल में खाते हैं खिचड़ी, सुनाई कंगाली की कहानी, वीडियो देख लोग बोले- 'ऐसी गरीबी भगवान सबको दे'
बॉलीवुड-भोजपुरी स्टार और बीजेपी सांसद रवि किशन के पास आज पैसा और शोहरत सब है. लेकिन अपनी गरीबी के दिन वो आज तक नहीं भूल पाए हैं. उन्होंने खुलासा किया कि आज 7 स्टार होटल में ठहरने के बावजूद वह महंगे खाने की बजाय सिर्फ खिचड़ी मंगवाते हैं और कपड़े लॉन्ड्री में देने से भी हिचकिचाते हैं. उन्होंने बताया कि बचपन की गरीबी का असर आज भी उनकी जिंदगी पर है. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर यूजर्स ने जमकर रिएक्ट कर रहे हैं.
जाने-माने एक्टर और गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रवि किशन अपने एक हालिया इंटरव्यू को लेकर सोशल मीडिया पर नेटिजन्स के निशाने पर आ गए हैं. हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धमाल 4’ में नजर आए एक्टर ने अपने शुरुआती दिनों के संघर्षों और गरीबी को याद करते हुए साझा किया कि सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंचने के बावजूद उनके मन से पुरानी गरीबी की यादें आज तक नहीं मिटी हैं. उन्होंने दावा किया कि वह आज भी 7-स्टार होटलों में ठहरने के दौरान महंगे खाने का ऑर्डर देने या कपड़े लॉन्ड्री में भेजने से कतराते हैं.
अपनी आपबीती साझा करते हुए रवि किशन ने कहा- ‘मैंने ऐसी गरीबी देखी है कि अब भी जब मैं किसी 7-स्टार होटल में जाता हूं, तो अच्छा या महंगा खाना ऑर्डर नहीं करता. चाहे वह प्रोडक्शन के बजट से हो, मेरे अपने पैसों से हो या फिर मेरी राजनीतिक पार्टी के प्रचार का दौरा हो, मैं आज तक सिर्फ एक सादी खिचड़ी ही ऑर्डर करता हूं.’