Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियां तेज, 20 हजार से ज्यादा छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन

इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को कांग्रेस की ओर से गैर-राजनीतिक बताते हुए इसका नाम ‘छात्रों की गूंज’ रखा गया है। कार्यक्रम में 70 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है। अब तक 20 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों के पंजीयन होने की बात सामने आई है। आयोजन स्थल को तैयार करने के लिए जमीन को समतल करने का काम भी चल रहा था, लेकिन शुक्रवार को हुई बारिश के कारण काम प्रभावित हुआ।

नेहरू स्टेडियम में अनुमति नहीं मिली

राहुल गांधी का यह कार्यक्रम पहले इंदौर के नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित था, लेकिन नगर निगम की ओर से स्टेडियम में आयोजन की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद कार्यक्रम के लिए दूसरे स्थान पर तैयारियां की जा रही हैं।

मंच पर नहीं होंगे कांग्रेस नेता, झंडे भी नहीं दिखेंगे

आयोजन को गैर-राजनीतिक स्वरूप देने के लिए कांग्रेस नेताओं के राहुल गांधी के साथ मंच साझा नहीं करने की बात कही जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस का झंडा भी नजर नहीं आएगा। हालांकि, आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं में कांग्रेस नेता पर्दे के पीछे से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा से इस आयोजन को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देखने की अपील की है। उनका कहना है कि राहुल गांधी युवाओं से उनके सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे। पटवारी ने आरोप लगाया कि नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं देकर छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश की गई।

कैलाश विजयवर्गीय को भी भेजा जाएगा निमंत्रण

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेताओं की बैठकें जारी हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा जाएगा। उन्होंने निमंत्रण पहुंचाने की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा को दी है।

Share This News :