साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने गांधी एवं शास्त्री जयंती पर किया माल्यार्पण, स्वच्छता को बताया हर नागरिक की जिम्मेदारी
ग्वालियर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद फूलबाग स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जिला अध्यक्ष, रविदास मंडल के मंडल अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
गांधी जयंती के अवसर पर अशोक शर्मा ने स्वच्छता अभियान में भी सहभागिता की। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से अपने आसपास के स्थानों को साफ-सुथरा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन में विशेष महत्व दिया था, इसलिए गांधी जयंती पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना उनके विचारों को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है।
इस अवसर पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को भी याद किया गया। अशोक शर्मा ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। उनके आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणादायी हैं।
इसी अवसर पर साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा का जन्मदिन भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह के साथ मनाया। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समर्थकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जन्मदिन के अवसर पर मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपनाने तथा स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।