ग्वालियर में 400 करोड़ के हजार बिस्तर अस्पताल में शर्मनाक लापरवाही, आग बुझाने का फायर सिस्टम गायब, पाइप-नोजल और होज रील कपलिंग चोरी
ग्वालियर। हजार बिस्तर अस्पताल में आग लगने की स्थिति में मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बने अस्पताल भवन के फायर हाइड्रेंट सिस्टम के जरूरी उपकरण ही गायब हैं।हाइड्रेंट से पाइप-नोजल और होज रील कपलिंग चोरी हो चुके हैं। ऐसे में आग लगने पर फायर हाइड्रेंट से तत्काल पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने में परेशानी आ सकती है। फायर सिस्टम के ट्रायल के दौरान उपकरणों के गायब होने की जानकारी सामने आई।
अस्पताल में एक साथ करीब 200 मरीज भर्ती रहते हैं। इनमें गंभीर मरीज, बुजुर्ग और ऐसे मरीज भी शामिल होते हैं, जो खुद चलकर सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सकते। आग लगने की स्थिति में इन्हें वार्ड से निकालना और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना अपने आप में बड़ी चुनौती होगी।
ऐसे में आग पर शुरुआती स्तर पर काबू पाने के लिए लगाए गए फायर फाइटिंग सिस्टम का हर उपकरण अपनी जगह पर और उपयोग योग्य होना जरूरी है।
भवन सुपुर्दगी के बाद से चोरी का सिलसिला शुरू
अस्पताल को हैंडओवर किए जाने के बाद से ही परिसर में लगे उपकरणों के चोरी होने का सिलसिला शुरू हो गया था। इसके बावजूद फायर सेफ्टी सिस्टम के सभी उपकरणों की नियमित निगरानी और भौतिक सत्यापन कितना प्रभावी रहा, यह सवाल अब सामने है।
फायर सिस्टम जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा इंतजाम में उपकरण गायब होने का पता ट्रायल के दौरान चलना व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है।
अब खरीदी के लिए भेजा प्रस्ताव
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि चोरी हुए फायर हाइड्रेंट उपकरणों की दोबारा खरीदी के लिए प्रस्ताव तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय को भेज दिया गया है। उपकरण मिलने के बाद सिस्टम को दोबारा पूरी तरह उपयोग योग्य बनाया जाएगा।
हालांकि, सवाल यह है कि नए उपकरण लगने तक अस्पताल में आग से बचाव की व्यवस्था कितनी प्रभावी रहेगी।