Home > अपना शहर,प्रमुख खबरे,slider news,
टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमि-पूजन की तैयारी तेज, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने किया क्षेत्र का निरीक्षण

ग्वालियर। साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने सोमवार को साडा क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निजी सहायक अनिल मिश्रा तथा भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन को लेकर क्षेत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

इसी क्रम में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमि-पूजन कार्यक्रम की तैयारियां भी की जा रही हैं। कार्यक्रम के लिए तारीख अभी अंतिम रूप से घोषित नहीं हुई है, हालांकि आगामी दिनों में इसके आयोजन की संभावना जताई जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संभावित उपस्थिति बताई जा रही है।

साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन ग्वालियर के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके माध्यम से क्षेत्र में दूरसंचार उपकरणों एवं संबंधित उत्पादों के निर्माण के साथ औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि साडा क्षेत्र में प्रस्तावित इस परियोजना को लेकर तैयारियों को बेहतर स्वरूप देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है।

जगदीश शर्मा की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

इसके बाद साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ग्वालियर चैंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, ग्वालियर ग्रामीण के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं ग्वालियर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष जगदीश शर्मा की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। उन्होंने जगदीश शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अशोक शर्मा ने कहा कि जगदीश शर्मा का निधन संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल शर्मा परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Share This News :