Home > अपना शहर,प्रमुख खबरे,slider news,
29 अक्टूबर को ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जॉन की मिलेगी बड़ी सौगात : साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा

ग्वालियर। ग्वालियर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया काउंटर मैग्नेट सिटी (साडा) में प्रस्तावित एशिया के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) के लिए 29 अक्टूबर को भूमिपूजन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए अमित शाह ने समारोह में शामिल होने की सहमति दी है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।

साडा में विकसित किए जा रहे इस टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में 24 से अधिक वैश्विक कंपनियों की भागीदारी प्रस्तावित है। ये कंपनियां टेलीकॉम उपकरण और विभिन्न संबंधित उत्पादों के विनिर्माण के लिए अपने प्रोजेक्ट स्थापित करेंगी।

 

ग्वालियर को मिलने वाली इस बड़ी सौगात पर साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि टीएमजेड को लेकर केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली, मुंबई व बंगलौर सहित विभिन्न शहरों में निवेशकों के साथ बैठकें और रोड शो आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से परियोजना के लिए निवेश आकर्षित किया गया। 29 अक्टूबर का भूमिपूजन समारोह ग्वालियर में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के धरातल पर उतरने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। टीएमजेड के जरिए ग्वालियर को टेलीकॉम उपकरण एवं तकनीकी विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है। भविष्य में साडा क्षेत्र एक आधुनिक व नया ग्वालियर बनेगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों ओर मुख्य मंत्री डॉ मोहन यादव के सहयोग से क्षेत्र को बड़ी सौगात मिलने जा रही है।

Share This News :