Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
राष्ट्रपति पद संभालते ही ट्रंप ने एंड्रॉयड फोन को कहा बाय, ऐसा होगा उनका नया 'सीक्रेट फोन'...

45वें अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के बाद डोनाल्ड ट्रंप को अपनी एक खास चीज को अलविदा कहना होगा। ये खास वस्तु है उनका वो एंड्रॉयड फोन जिसने उन्हें राष्ट्रपति बनने की इस पूरी प्रक्रिया में लोगों के करीब पहुंचाने में मदद की। लेकिन विश्व शक्ति अमेरिका का सबसे बड़ा पद संभालने के साथ ही अब ट्रंप एक बेहद खास फोन का इस्तेमाल करेंगे।

दरअसल, यूएस प्रेसिडेंट बनने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से ट्रंप को अपना पुराना एंड्रॉयड फोन त्यागना पड़ेगा। इसके साथ ही संभव है कि वो अपने इस्तेमाल के लिए विशेष रूप से तैयार आईफोन का इस्तेमाल करेंगे। समाचार-पत्र 'न्यूयार्क टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप अमेरिकी सीक्रेट सर्विस से मंजूरी प्राप्त विशेष रूप से तैयार नया फोन इस्तेमाल कर सकते हैं, जिसका नंबर चुनिंदा लोगों के पास ही होगा।

आपको बता दें कि ये नया फोन नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति को हैकरों के हमले से बचाने के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। 'एप्पलइनसाइडर' की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप अपने पूर्ववर्ती बराक ओबामा के पदचिह्नों पर चल सकते हैं, जो ये मोबाइल फोन रखने वाले अमेरिका के पहले राष्ट्रपति थे। ओबामा ने शुरू में विशेष रूप से तैयार ब्लैकबेरी फोन का इस्तेमाल किया और बाद में आईफोन का इस्तेमाल करने लगे थे।

पिछले साल ओबामा ने कहा था कि सीक्रेट सर्विस द्वारा राष्ट्रपति को दिए गए खास मोबाइल फोन से सारे फीचर हटा दिए गए थे और सुरक्षा के लिहाज से उसमें काफी बदलाव किया गया था। इस खास फोन के बारे में बताते हुए ओबामा ने पिछले वर्ष कहा था कि इससे तस्वीरें नहीं खींची जा सकतीं। साथ ही उन्होंने बताया था कि इस फोन से टेक्स्ट मैसेज नहीं किए जा सकते और आप अपनी पसंद का संगीत भी नहीं सुन सकते।

ट्रंप का मोबाइल फोन भी ओबामा के फोन जैसा ही हो सकता है। उल्लेखनीय है कि किसी एंड्रॉयड फोन को हैक कर उसे बंद किया जा सकता है, जबकि आईफोन में ऐसा करना बेहद मुश्किल होता है।

Share This News :