Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
दुनिया की आंखों में धूल झोंक रहा पाक, हाफिज की नजरबंदी की पोल खोलता वीडियो सामने आया

मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद की पाकिस्तान में नजरबंदी के दिखावे की पोल खुल गई है। सूत्रों के मुताबिक हाफिज सईद का लाहौर का दफ्तर खुला हुआ है।
हाफिज के दफ्तर का वीडियो मिला है, जिससे पता चलता है कि हाफिज की नजरबंदी का कम से कम उसके कामकाज पर रत्ती भर असर नहीं पड़ा है. उसके दफ्तर में रोज की तरह कामकाज होता रहा. हाफिज सईद का ये दफ्तर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के घर के करीब है.
वीडियो में दिखाया गया है कि लाहौर के मॉडल टाउन में लश्करे तैयबा का दफ्तर बेखौफ खुला हुआ है. लश्कर का हेडक्वार्टर लाहौर के करीब मुरीदके में है. मॉडल टाउन स्थित दफ्तर से कई आतंकी गतिविधियां संचालित होती हैं.
हाफिज सईद ने मोदी और ट्रंप को कोसा
हाफ़िज़ ने पाकिस्तान में नजरबंद होने के बावजूद मीडिया से बात की. उसने अपने ख़िलाफ़ हुई कार्रवाई का ठीकरा भारत पर फोड़ा और कहा कि पाकिस्तान सरकार ने अमेरिका के दबाव में आकर उसे नज़रबंद किया. हाफ़िज़ ने दावा किया कि भारत के कहने पर ही अमेरिकी सरकार ने पाकिस्तान पर कार्रवाई के लिए दबाव डाला. सईद ने कहा कि जो भारत कह रहा है वो ट्रम्प कर रहा है, मोदी चाहते हैं कि मेरी गिरप्तारी हो.
अपने ख़िलाफ़ कस रहे शिकंजे से बेपरवाह आतंक के इस आका ने नज़रबंद किए जाने के फैसले को अदालत में चुनौती देने की बात कही. उसने कहा कि इससे पहले भी बार-बार नजरबंद किया गया है. मैं अदालत में खड़ा होऊंगा, चैलेंज करूंगा. अब सवाल उठ रहे हैं कि पाकिस्तान सरकार की ये कार्रवाई महज़ दिखावा है, क्योंकि नज़रबंदी के बावजूद हाफ़िज़ सईद को हर सुख-सुविधा मयस्सर है. जानकारों की दलील है कि पाकिस्तान ने अमेरिका की आंखों में धूल झोंकने के लिए हाफ़िज़ सईद की नज़रबंदी का ड्रामा रचा है.
घर में आराम फरमा रहा आतंकी
दरअसल हाफिज सईद को चौबुर्जी की मस्जिद ए कद्सिया से गिरफ्तार करने के बाद लाहौर पुलिस उसे उसके घर 116 E, जौहर टाऊन लाहौर लाई और उसे यहीं नजरबंद कर दिया गया. जाहिर है कि ये कार्रवाई महज दिखावे के लिए की गई है. हाफिज सईद को उसके घर के अंदर तमाम सुविधाएं मुहैया हैं. वो घर के अंदर से ही अपने लोगों के साथ संपर्क साधकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे सकता है. ऐसे में भारत चाहता है कि पाकिस्तान सिर्फ दिखावे के लिए नहीं बल्कि असल में हाफिज सईद पर कार्रवाई करे.

Share This News :