Homeखास खबरे,slider news,
दिल्‍ली के मुगल गार्डन में दिखेगा राष्‍ट्रपति की पत्‍नी के नाम का गुलाब

Feb 5th, 2017

नई दिल्ली. राष्ट्रपति भवन स्थित मुगल गार्डन पांच फरवरी से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. ट्यूलिप, गुलाब, डहेलिया के साथ-साथ इस बार लोग राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और उनकी पत्नी सुभ्रा मुखर्जी के नाम से लगे गुलाब के पौधों को भी निहार सकेंगे.

राष्ट्रपति भवन के उद्यान विभाग के अधिकारी यू डी कुकरेती ने बताया कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की स्वीकृति के बाद कोलकाता की गार्डन सोसाइटी ने गुलाब की दो किस्में तैयार की थीं. जिन्हें इंडियन रोज सोसाइटी की हरी झंडी मिलने के बाद मुगल गार्डन में लगाया गया. राष्ट्रपति के नाम से लगे पौधे में पीले रंग जबकि उनकी दिवंगत पत्नी सुभ्रा मुखर्जी के नाम पर लगे पौधे में मजेंटा रंग के गुलाब खिलेंगे. उन्होंने बताया कि मुगल गार्डन में मदर टेरेसा, एलिजाबेथ, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन, अर्जुन व भीम के नाम के गुलाब भी हैं.

मुगल गार्डन में कश्मीर घाटी में खिलने वाले ट्यूलिप पौधों को चरणबद्ध तरीके से लगाया जा रहा है जिससे 12 मार्च तक इन फूलों के दीदार लोगों को हो सके. नीदरलैंड से 14 हजार ट्यूलिप मंगवाए गए हैं. इसके अलावा 140 किस्मों के गुलाब के पौधों की अद्भुत छटा देखी जा सकती है. काले रंग के गुलाब की किस्म ओक्लाहोमा, नीले रंग के बोन नट, गाढ़े लाल, गुलाबी रंग के सदाबहार और सफेद रंग के गुलाब ताजमहल खास तौर पर आकर्षित करेंगे. मुगल गार्डन के इन खूबसूरत नजारों का दीदार 12 मार्च तक किया जा सकता है.

मुगल गार्डन के साथ यहां बने रोज गार्डन, हर्बल गार्डन, म्यूजिकल गार्डन, बायो डायवर्सिटी पार्क समेत प्रांगण में कुल 12 गार्डन का नजारा सुबह साढ़े नौ बजे से शाम चार बजे तक देखा जा सकता है. प्रत्येक सोमवार को रखरखाव के लिए इसे बंद रखा जाएगा. मुगल गार्डन में नॉर्थ ब्लॉक की तरफ गेट संख्या 35 से लोग प्रवेश कर सकेंगे.

लोग अपने साथ मोबाइल भी अंदर ले जा सकेंगे. 10 मार्च को दिव्यांगों, दृष्टिबाधित लोगों हर्बल गार्डन दिखाने की व्यवस्था की गई है. इन लोगों का12 नंबर गेट से प्रवेश होगा. इसी दिन खासतौर पर सेना, दिल्ली पुलिस और किसान भी मुगल गार्डन के दीदार कर सकेंगे.

Share This News :