Homeअपना शहर ,
महापौर ने किया राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी का उदघाटन

एक से बढ़कर एक विज्ञान मॉडल लेकर आए हैं प्रदेश भर के बाल वैज्ञानिक

मेला स्थित फैसिलिटेशन सेंटर में लगी है विज्ञान प्रदर्शनी

राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी आज से ग्वालियर में शुरू हुई। विज्ञान प्रदर्शनी का उदघाटन महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर के मुख्य आतिथ्य एवं साडा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह जादौन की अध्यक्षता में हुआ। व्यापार मेला परिसर स्थित मध्यप्रदेश एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन सेंटर में आयोजित हो रही इस तीन दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदेश के 9 शिक्षा संभागों से जुड़े 51 जिलों के लगभग 500 बाल वैज्ञानिक ने मॉडलों के जरिए अपने वैज्ञानिक कौशल का प्रदर्शन किया है।

इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर श्री शेजवलकर ने कहा कि आधुनिक युग में विज्ञान के बगैर हम आगे नहीं बढ़ सकते। विज्ञान से ही सुनियोजित विकास संभव है। इसलिये स्कूल स्तर से इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन सराहनीय पहल है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि ऐसे आयोजनों से युवा वैज्ञानिक उभरकर सामने आयेंगे और प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे। श्री शेजवलकर ने कहा कि विज्ञान जुझारू तलवार के समान होती है। विज्ञान मानव जाति के कल्याण और संधार दोनों काम कर सकता है। इसलिये बाल वैज्ञानिक मानव कल्याण में कारगर वैज्ञानिक शोध करें। महापौर ने इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति स्व. एपीजे अब्दुल कलाम आजा़द और पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा विज्ञान के क्षेत्र में किए गए योगदान का स्मरण भी किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे साडा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह जादौन ने कहा कि हमारे देश में प्रतिभाओं का अपार भण्डार है। इंस्पायर अवार्ड जैसे आयोजन से इन प्रतिभाओं को उभारने में मदद मिलती है। उन्होंने इंस्पायर अवार्ड में भाग लेने आए बच्चों एवं मार्गदर्शी शिक्षकों को बधाई दी।

इस मौके पर अतिथियों ने फीता काटकर राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी का उदघाटन किया। साथ ही प्रदर्शनी में राज्य भर के बाल वैज्ञानिकों द्वारा लगाए गए विज्ञान मॉडल का अवलोकन भी किया।

शुभारंभ समारोह में संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण श्री शितांशु शुक्ला, राज्य स्तरीय आब्जर्वर श्री भरत व्यास, नेशनल इनोवेशन फाउण्डेशन अहमदाबाद से आईं सुश्री रितु सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विवेक जोशी तथा अन्य अधिकारी मंचासीन थे।

आरंभ में अतिथियों में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शुभारंभ समारोह में प्रगति विद्या पीठ के बच्चों ने “मिले सुर मेरा तुम्हारा” गीत की धुन पर रंगारग समूह नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। कार्यक्रम में पीडी कॉन्वेंट स्कूल की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। उप संचालक स्कूल शिक्षा श्रीमती ममता चतुर्वेदी ने प्रदर्शनी का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। स्वागत उदबोधन सहायक संचालक श्री दीपक पाण्डेय द्वारा दिया गया।

मेला परिसर स्थित फैसिलिटेशन सेंटर में चल रही राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी को देखने 25 सितम्बर को जिले के विभिन्न स्कूल के बच्चे पहुँचेंगे। इस इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी में से ज्यूरी द्वारा 40 मॉडल राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी के लिये चयनित किए जायेंगे।

पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कलाम की प्रेरणा से शुरू हुई थी इंस्पायर अवार्ड योजना

      विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि जागरूक करने और भविष्य के वैज्ञानिक तलाशने के मकसद से पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की प्रेरणा से भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा वर्ष 2009-10 में इंस्पायर अवार्ड योजना शुरू की गई थी।

Share This News :