Homeराज्यो से ,slider news,
मायावती से हाथ मिलाने के अखिलेश के बयान पर बसपा का जवाब!

इस बीच तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी मायावती और अखिलेश यादव से कोई बातचीत नहीं कर रही हैं।

बसपा से गठबंधन की संभावना से इनकार नहींः अखिलेश

यूपी चुनाव के बाद सीएम अखिलेश यादव के समाजवादी पार्टी और बसपा के बीच गठबंधन वाले बयान पर बसपा की ओर से खुलकर कोई बात सामने नहीं आ रही है लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी किसी से गठबंधन को लेकर कोई विचार नहीं चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार, बसपा को फिलहाल चुनाव के नतीजों का इंतजार है। फिलहाल बसपा देखो और इंतजार करो की नीति अपना रही है।

आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने गुरुवार को चुनाव बाद बीएसपी से गठबंधन की संभावना से इनकार नहीं किया था। बीबीसी हिंदी के साथ फेसबुक लाइव में उन्होंने कहा कि 11 मार्च का चुनावी नतीजा उनके पक्ष में आएगा और यूपी में उनकी सरकार बनेगी।

हालांकि अखिलेश ने यह भी संकेत दिए कि चुनाव परिणामों में यदि उन्हें या किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलता है तो राष्ट्रपति शासन की जगह वो मायावती से हाथ मिलाना पसद करेंगे।

उनसे पूछा गया कि यूपी में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत न मिलने की स्थिति में समाजवादी पार्टी की रणनीति क्या होगी। इस पर अखिलेश ने कहा कि हां, अगर सरकार के लिए जरूरत पड़ेगी तो राष्ट्रपति शासन कोई नहीं चाहेगा। हम नहीं चाहते कि यूपी को बीजेपी रिमोट कंट्रोल से चलाए।

गौरतलब है कि पांच राज्यों में मतदान खत्म होने के बाद गुरुवार को आए एग्जिट पोल में भाजपा को फायदे में दिखाया गया है। हालांकि यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि इन राज्यों में सरकार किसकी बनेगी। सभी सर्वेक्षणों में अलग-अलग दावे किए गए हैं।

इन सर्वेक्षणों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस गठबंधन दूसरे जबकि बसपा तीसरे नंबर पर है। छह न्यूज चैनल के सर्वे में सिर्फ न्यूज 24-टुडे चाणक्य व इंडिया टुडे-एक्सिस ने यूपी में भाजपा को बहुमत में दिखाया है। अन्य चैनलों के अनुसार, भाजपा बहुमत के आंकड़े से पीछे है। ऐसे में यूपी में त्रिशंकु जनादेश के आसार भी दिख रहे हैं।

Share This News :