Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने ग्वालियर में पासपोर्ट सेवा केन्द्र का शुभारंभ किया

पासपोर्ट के लिये भोपाल जाने से मिली निजात 
ग्वालियर। केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि पासपोर्ट सेवा केन्द्र के प्रारंभ हो जाने से ग्वालियर अंचल के 9 जिलों के लोगों की वर्षों से लम्बित मांग पूरी हो गई है। इससे अंचल के लोगों का समय और पैसा दोनों ही बचेगा। यह बात उन्होंने महाराज बाड़े पर विदेश मंत्रालय भारत सरकार और पोस्ट एण्ड टेलीग्राफ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कही। 
कार्यक्रम में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया, महापौर  à¤µà¤¿à¤µà¥‡à¤• नारायण शेजवलकर, मुरैना सांसद अनूप मिश्रा, भिण्ड सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, विधायक नारायण सिंह कुशवाह, जीडीए अध्यक्ष अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन सहित अन्य गणमान्य नागरिक, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, रीजनल मैनेजर पासपोर्ट अथॉरिटी मनोज कुमार राय, डायरेक्टर पोस्ट एण्ड टेलीग्राफ  à¤­à¥‹à¤ªà¤¾à¤² एस के पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। 
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि केन्द्र में नई सरकार के गठन के बाद जन सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास तेजी से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार द्वारा अनेक क्षेत्रों में सुधार कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। देश के नागरिक हवाई और विदेश यात्रायें सुगमता के साथ कर सकें, यह प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश में भोपाल के अतिरिक्त पाँच स्थानों ग्वालियर, जबलपुर, सतना, इंदौर और विदिशा में पासपोर्ट सेवा केन्द्र प्रारंभ किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में इस केन्द्र की स्थापना हो जाने के बाद ग्वालियर-चंबल संभाग के ग्वालियर, भिण्ड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और टीकमगढ़ के लोग लाभान्वित होंगे। 
कार्यक्रम के प्रारंभ में रीजनल मैनेजर पासपोर्ट अथॉरिटी मनोज राय ने बताया कि भारत सरकार द्वारा देश में 90 स्थानों पर ऐसे पासपोर्ट सेवा केन्द्र प्रारंभ किए गए हैं, जिनमें से 6 केन्द्र मध्यप्रदेश में संचालित किए जा रहे हैं। अथॉरिटी द्वारा मध्यप्रदेश के सभी 50 जिलों को 3 जोन में बांटा गया है, जिनसे क्षेत्रीय नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। केन्द्रीय मंत्री तोमर ने भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई उड़ान योजना में ग्वालियर में सम्मिलित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के प्रति ग्वालियर वासियों की ओर से आभार ज्ञापित किया। ग्वालियर में प्रारंभ किए गए पासपोर्ट सेवा केन्द्र की प्रथम आवेदक बनने का सौभाग्य सुश्री प्रियंका गोयल को मिला। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री तोमर ने उन्हें सौंपी आवेदन की पावती। 
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कार्यक्रम के उपरांत महाराज बाड़ा स्थित ग्वालियर नगर निगम कार्यालय के पुराने ऐतिहासिक भवन का अवलोकन किया और कहा कि यह ग्वालियर का ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण भवन है। इसका संरक्षण किया जाना चाहिए। चर्चा के दौरान उन्होंने महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल और पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष से इस भवन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की बात कही।

Share This News :