Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
मुख्यमंत्री चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को किया संबोधित

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ग्रामोदय से भारत उदयअभियान गाँवों के विकास और जनता के कल्याण का महायज्ञ है। इसे सफल बनाने के लिए जन-प्रतिनिधि और अधिकारी पूरी शिद्दत से जुट जायें। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मंत्रालय भोपाल में वीडियो काफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गवए सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विश्वास सारंग] मुख्य सचिव बी.पी. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
स्थानीय एनआईसी कक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष मनीषा भुजवल सिंह यादव, संभाग कमिश्नर एस एन रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। 
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर की जयंती से यह बहुउद्देश्यीय अभियान शुरू होगा जो 31 मई तक चलेगा। उन्होंने जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों का आव्हान करते हुए कहा कि जिस तरह पिछले साल इस अभियान में सभी ने सक्रिय भूमिका निभाई थी उसी तरह इस वर्ष भी गाँव और गाँववासियों की बेहतरी में पूरी रूचि से जुट जायें। यह गरीबों के कल्याण का एक सुनहरा अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखकर गाँवों के अधोसंरचना विकास की दो वर्षीय कार्ययोजना बनायें। 

Share This News :