Homeअपना शहर ,
राष्ट्रपति की गरिमा को ध्यान में रखकर तैयारियों को अंतिम रूप दें – श्री डिसा

प्रदेश के मुख्य सचिव तैयारियों का जायजा लेने ग्वालियर आए

राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी की 03 अक्टूबर को प्रस्तावित ग्वालियर यात्रा को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लेने प्रदेश के मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा मंगलवार को ग्वालियर पहुँचे। श्री डिसा ने राष्ट्रपति के आगमन स्थल महाराजपुरा एयरबेस से लेकर शहर में प्रस्तावित सभी कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया। साथ ही वायुसेना, प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा राष्ट्रपति महोदय की गरिमा व सुरक्षा को ध्यान में रखकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दें। साथ ही अन्य अतिथियों व प्रतिभागियों एवं नागरिकों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
राष्ट्रपति 03 अक्टूबर को यहाँ सिंधिया कन्या विद्यालय के 60वें स्थापना दिवस समारोह में सम्मिलित होने ग्वालियर पधार रहे हैं। राष्ट्रपति की प्रस्तावित यात्रा में नगर निगम द्वारा आईएचएसडीपी योजना के हितग्राहियों को आवासों की चाबी वितरण करने का कार्यक्रम भी शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव गृह श्री बसंत प्रताप सिंह, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री मलय श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता श्री राजीव टंडन, पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था श्री मकरंद देउस्कर भी भोपाल से राजकीय विमान से मुख्य सचिव के साथ आए थे। भ्रमण के दौरान संभाग आयुक्त श्री शिवनारायण रूपला, पुलिस महानिरीक्षक श्री आदर्श कटियार, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी श्री शिवराज वर्मा व श्री विवेक श्रोत्रिय तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कौशल व श्री कुमार प्रतीक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उनके साथ थे।
राजकीय विमान से राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुँचने के बाद मुख्य सचिव श्री डिसा सीधे वायुसेना के एयरबेस पर पहुँचे। यहाँ पर उन्होंने वायुसेना और प्रशासनिक अधिकारियों से राष्ट्रपति की यात्रा के संबंध में की गई तैयारियों की वस्तुस्थिति जानी। साथ ही राष्ट्रपति की अगवानी व स्वागत के लिये पहुँचने वाले विशिष्ट जन एवं गणमान्य नागरिकों के लिये निर्धारित स्थल भी देखा।
श्री डिसा इसके बाद जीवाजी विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल और नगर निगम द्वारा आईएचएसडीपी योजना के तहत सिंधियानगर पहाड़ी क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिये बनाए गए आवासों का जायजा लिया। मालूम हो 03 अक्टूबर को राष्ट्रपति के प्रस्तावित ग्वालियर कार्यक्रमों में आईएचएसडीपी योजना के हितग्राहियों को आवासों की चाबी वितरण करने का कार्यक्रम भी शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन जीवाजी विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में एक शॉर्ट फिल्म के जरिए राष्ट्रपति महोदय को आईएचएसडीपी योजना के तहत नगर निगम द्वारा लगभग 81 करोड़ की लागत से बनाए गए 1088 आवासों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जायेगी। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम स्थल पर शॉर्ट फिल्म दिखाने के लिये एलईडी का इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आईएचएसडीपी योजना के हितग्राहियों को सम्मानपूर्वक इस समारोह में आमंत्रित करने के लिये भी कहा।
मुख्य सचिव ने सिंधिया कन्या विद्यालय में राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान सिंधिया स्कूल की प्राचार्य श्रीमती निशी मिश्रा से कहा कि समारोह में राष्ट्रपति की गरिमा व प्रोटोकॉल के अनुसार सभी व्यवस्थायें मुकम्मल करें। साथ ही राष्ट्रपति के साथ पहुँचने वाले प्रदेश के राज्यपाल व मुख्यमंत्री सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की गरिमा का भी ध्यान रखा जाए।
संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्य सचिव को जानकारी दी कि राष्ट्रपति की प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही नागरिक सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।
नगरीय विकास मंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री से भी की चर्चा
राष्ट्रपति की प्रस्तावित ग्वालियर यात्रा में जुड़ने जा रहे नए कार्यक्रम आईएचएसडीपी योजना के हितग्राहियों को आवासों की चाबी वितरण को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में मुख्य सचिव ने प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह और उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया से भी चर्चा की। उन्होंने तैयारियों के बारे में मंत्री द्वय को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। श्रीमती माया सिंह एवं श्री पवैया ने मुख्य सचिव के साथ जीवाजी विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का जायजा भी लिया। इस मौके पर जीवाजी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला भी मौजूद थीं।

Share This News :