Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मप्र में डेढ़ दर्जन पुलिसकर्मी विधानसभा की ड्यूटी से लापता!

भोपाल। विधानसभा की सुरक्षा पर तैनात डेढ़ दर्जन आरक्षक से लेकर इंस्पेक्टर ड्यूटी से गायब हो गए। लापता पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल में आमद तो दे दी थी, लेकिन इसके बाद वे कहां गए किसी को पता नहीं अब पुलिस मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लेते हुए गायब पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का मूड बना लिया है। ऐसे सभी पुलिसकर्मियों को नोटिस भेजकर उनका जवाब मांगा गया है। कुछ अब भी अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है।

ऐसे में लापता सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ सस्पेंड किए जाने तक की कार्रवाई किए जाने की संभावना बढ़ गई है। होली के दौरान प्रदेश भर से विधानसभा की सुरक्षा के लिए 200 से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को लगाया गया था। होली के दौरान पहली बार विधानसभा की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से अलग से बल लगाया था। इसमें प्रदेश भर से अतिरिक्त बल बुलाया गया था। सभी को फिक्स प्वाइंट पर तैनात किया गया था। यह पहली बार हुआ था।

इसलिए हुए गायब

जांच में सामने आया कि अधिकांश पुलिसकर्मी और अधिकारी कागजी कार्रवाई से बचने के लिए बिना किसी सूचना के अपने-अपने जिले लौट गए। इसलिए उन्हें ड्यूटी से गायब मान लिया गया था। पुलिस एक्ट में यह ड्यूटी में लापरवाही मानी जाती है। असल में ड्यूटी के बाद पुलिस कंट्रोल रूम आकर कागजी कार्रवाई कर रवानगी लेना होती है।

Share This News :