Homeप्रमुख खबरे,खास खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
अटेर में पुनर्मतदान को लेकर असमंजस, मतगणना 13 को

भोपाल। अटेर उपचुनाव के लिए रविवार को हुए मतदान में हिंसक घटनाओं के मद्देनजर कांग्रेस और भाजपा ने पुनर्मतदान की जो मांग की थी, उस पर असमंजस बना हुआ है। रिटर्निंग ऑफिसर की रिपोर्ट चुनाव आयोग भेजी गई है, जिस पर आयोग से कोई भी निर्देश मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को देर शाम तक नहीं मिले।

उधर, 13 अप्रैल को सुबह आठ बजे से मतगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अटेर की मतगणना भिंड और बांधवगढ़ की उमरिया जिला मुख्यालय में होगी। अटेर के लिए तमिलनाडु के आईएएस अधिकारी जयंत कुमार को आयोग ने पर्यवेक्षक बनाया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि चुनाव आयोग के ऑब्जर्वर की मौजूदगी में कांग्रेस और भाजपा की मांग से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई। रिटर्निंग ऑफिसर ने जो रिपोर्ट भेजी थी, उसे चुनाव आयोग को भेजा गया है। विशेष पर्यवेक्षक ने सीधे आयोग को रिपोर्ट दी है लेकिन देर शाम तक आयोग की ओर से पुनर्मतदान को लेकर कोई निर्देश नहीं मिले।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एसएस बंसल ने बताया कि पुनर्मतदान को लेकर फैसला चुनाव आयोग को करना है। देर शाम तक कोई निर्देश नहीं मिले हैं। वहीं, मतगणना को लेकर भिंड और उमरिया में तैयारियां शुरू हो गई हैं।

अटेर की मतगणना भिंड के एमजेएस कॉलेज और बांधवगढ़ की जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में होगी। सबसे पहले डाक मतपत्र गिने जाएंगे। इसके लिए जो टेबल लगेंगी, वहां रिटर्निंग ऑफिसर मौजूद रहेंगे। मतगणना केंद्रों में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए सुरक्षा की त्रिस्तरीय व्यवस्था बनाई गई है। मतगणना की वीडियोग्राफी भी होगी।

कटारे की मांग पर लगी एलसीडी

स्ट्रॉन्ग रूम में रखी वोटिंग मशीन पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अटेर से कांग्रेस के उम्मीदवार हेमंत कटारे ने निर्वाचन अधिकारियों से शिकायत की है कि स्ट्रॉन्ग रूम में क्या हो रहा है, ये उन्हें दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बाद रूम के बाहर एलसीडी लगाने का निर्णय लिया गया।

Share This News :