Homeप्रमुख खबरे,खास खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
अटेर उपचुनावः किसकी लॉटरी खुलेगी फैसला गुरूवार को

ग्वालियर। अटेर उपचुनाव का परिणाम गुरूवार 13 अप्रैल को आयेगा। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से एमजेएस कॉलेज भिंड में होगी। कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे और भाजपा प्रत्याशी अरविंद भदौरिया ने अपनी-अपनी जीत के दावे किये है। 
पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के निधन के कारण खाली हुई अटेर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बीती 9 अप्रैल को हुआ था। गुरूवार 13 अप्रैल को कडी सुरक्षा में सुबह 8 बजे से मतों की गिनती होगी। मतगणना को देखते हुये भिंड के एमजेएस कॉलेज को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। मतगणना क़क्ष और उसके बाहर सीसीटीव्ही कैमरे लगाये गये है, जो किसी भी गडबडी पर निगाह रखेंगे। स्ट्रांग रूम को सुबह पुलिस व प्रशासन तथा प्रत्याशियों की मौजूदगी में खोलकर मतपेटियों को निकाला जायेगा। दोपहर तक स्थिति साफ हो जायेगी और किसने अटेर का मैदान मारा है उसका फैसला हो जायेगा। 
उपद्रव के बीच हुई थी वोटिंग
बीती 9 अप्रैल को मतदान के दौरान काफी उपद्रव मचा था। कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे पर शरारतीतत्वों ने हमला तक कर डाला था, जिसमे वह बाल बाल बचे थे। वहीं बूथ कैप्चरिंग की शिकायतें भी कांग्रेस उम्मीदवार ने की थी। जिसके बाद 6 थाना प्रभारियों तक को हटाया गया था। मीडिया कर्मियों को भी कवरेज तक से रोकने की उपद्रवियों ने कोशिश की थी। इस सबको देखते हुये पुलिस प्रशासन ने मतगणना स्थल को पूरे सुरक्षा घेरे में ले लिया है। वही कोई काउंटिंग में विघ्न न डाले, इसके लिए सीसीटीव्ही कैमरे भी लगाये गये हैं। 
सिंधिया - शिवराज की प्रतिष्ठा दांव पर
भले ही चुनाव मैदान में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी मैदान में हो, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। महल पर बयान के बाद से चुनाव प्रचार का माहौल गरम गया था। खुद मुख्यमंत्री ने अटेर में कई चुनावी सभाएं लेकर इसे महल बनाम शिव सरकार की ओर मोड दिया था। उधर सिंधिया भी चार दिन तक अटेर में डटे रहे। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को आडे हाथों लिया। वहीं रोटियां बेलने व दलित परिवार के यहां खाना खाने को लेकर अपनी सादगी से लोगों का दिल जीता। 

Share This News :