Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
कायर पाक सेना ने दो जवानों के सिर काटे

पुंछ। जम्मू-कश्मीर में सोमवार को सीमा पर और सीमा के अंदर दो बड़े हमले हुए। पाकिस्तानी सेना की 647 वीं मुजाहिद बटालियन ने पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर की कृृष्णा घाटी में एक सीमा चौकी पर तैनात बीएसएफ और सेना के दो जवानों की हत्या कर दी।

इतना ही नहीं, वे लगभग एक किलोमीटर तक भारतीय क्षेत्र में घुस आए और दोनों जवानों के सिर काट दिए। इसके करीब छह घंटे बाद कुलगाम में बैंक की कैश वैन पर हमला कर पांच पुलिसकर्मियों व दो बैंक सिक्योरिटी गार्डों की हत्या कर दी गई। इन घटनाओं से कश्मीर एक बार फिर लहूलुहान हो गया है।

मेंढर सेक्टर में हमला, एक शहीद उप्र और दूसरा पंजाब का निवासी

सोमवार को सुबह आठ बजे पाकिस्तान की एफडीएल पोस्ट पिपल से पाक सेना की 647 मुजाहिद बटालियन के जवानों ने एलओसी से सटी बीएसएफ की अग्रिम पोस्ट पर गोलीबारी कर संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान बीएसएफ पोस्टों पर राकेट भी दागे गए।

उस समय भारतीय सेना व सीमा सुरक्षा बल के जवान एक पोस्ट से दूसरी के बीच गश्त कर रहे थे। उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। बीएसएफ की 200 बटालियन के हेड कांस्टेबल प्रेम सागर निवासी गांव टिकमपुर, तहसील भटपुर रानी, जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश) व सेना की 22 सिख यूनिट के नायब सूबेदार परमजीत सिह निवासी तरनतारण, पंजाब शहीद हो गए।

बीएसएफ का कांस्टेबल राजेंद्र कुमार घायल हो गया। इसी दौरान पाक सेना के कमांडो और आतंकियों वाली बार्डर एक्शन टीम (बैट) भारतीय सीमा में लगभग एक किलोमीटर तक दाखिल हो गई। उन्होंने दोनों शहीद जवानों के शवों को क्षत-विक्षत करते हुए सिर काट डाले।

भारतीय जवानों ने भी गोलाबारी का करारा जवाब दिया। गोलाबारी थमने के बाद सेना ने दोनों शहीदों के शव कब्जे में लेकर घायल जवान को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया। घायल कांस्टेबल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ये हुए शहीद

- सेना की 22 वीं सिख इंफ्रेंट्री के नायब सूबेदार परमजीत सिंह।

- बीएसएफ की 200 वीं बटालियन के हेड कांस्टेबल प्रेम सागर।

घायल : बीएसएफ का जवान राजेंद्र सिंह, खतरे से बाहर।

8 जनवरी 2013 को काटा था हेमराज का सिर

पाक के बैट दस्ते ने ही 8 जनवरी 2013 को हमारे जवान हेमराज सिंह व सुधाकर सिंह की हत्या की थी। हेमराज का सिर काट ले गए थे और सुधाकर के शव के अंग भंग किए गए थे।

पाक का घटना से इन्कार

पाकिस्तानी सेना ने अपनी बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) की हैवानियत पर पर्दा डालने की कोशिश के तहत कहा कि ऐसी कोई घटना ही नहीं हुई। उसके प्रवक्ता ने कहा, "जैसा कि भारत की ओर से आरोप लगाया गया है, पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का कोई उल्लंघन नहीं किया है। न ही बैट ने कोई कार्रवाई की है।

सैनिकों के शव को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी झूठा है। पाकिस्तानी सेना बेहद पेशेवर है और किसी सैनिक के शव का अपमान नहीं करेगी।" ऐसी ही बात पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने भी की है।

Share This News :