Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
बाबरी केस: साजिश के आरोप में आडवाणी-जोशी, उमा के खिलाफ काफी सबूत- कोर्ट

लखनऊ. बाबरी ढांचा गिराने के मामले में लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती समेत सभी 12 लोगों पर साजिश रचने के आरोप में केस चलेगा। मंगलवार को सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने 12 लोगों पर आराेप तय कर दिए। इससे पहले कोर्ट ने उन्हें 50-50 हजार के निजी मुचलके पर जमानत भी दे दी। इसके बाद उन्हें बरी करने के लिए पिटीशन दायर की गई, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। बता दें कि 19 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि अयोध्या में विवादित ढांचा गिराने के मामले में आडवाणी समेत सभी आरोपियों पर आपराधिक साजिश का केस चलेगा। इस मामले में दायर किए गए दोनों केस को दो साल के अंदर खत्म करने को कहा था। किस पर क्या चार्ज...
- लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, विष्णु हरि डालमिया, विनय कटियार और साध्वी ऋतंभरा पर आपराधिक साजिश रचने के आरोप में केस चलेगा।
- दूसरे केस के छह आरोपी हैं- राम विलास वेदांती, बैकुंठ लाल शर्मा, चंपत राय बंसल, महंत नृत्य गोपालदास, धरम दास और सतीश प्रधान। इन पर बाबरी मस्जिद गिराने की साजिश करने, दो धर्मों के लोगों के बीच दुश्मनी पैदा करने, धार्मिक भावनाएं भड़काने, राष्ट्रीय एकता को तोड़ने के आरोप हैं। इन पर धर्म को अपमानित करने के इरादे से पूजा के स्थान को अपवित्र करने, दंगा भड़काने, गैरकानूनी तरीके से सभा करने के आरोप भी तय किए गए हैं।
केस को ऐसे समझें
1) क्या है पूरा मामला?
-6 दिसंबर, 1992 में बाबरी केस में दो मामले दर्ज हुए थे। एक मामला कार सेवकों के खिलाफ ढांचा गिराने के आरोप में दर्ज कराया गया था। इसकी सुनवाई लखनऊ में हुई थी।
- दूसरा मामला मंच पर मौजूद लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती समेत बीजेपी नेताओं के खिलाफ था। इन पर ढांचा ढहाने की साजिश रचने का आरोप था। इसकी सुनवाई रायबरेली कोर्ट में हुई थी।
2) ऐसे SC पहुंचा मामला
- सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने मई 2001 में आडवाणी, जोशी, उमा, बाल ठाकरे और अन्य को टेक्निकल ग्राउंड का हवाला देते हुए आरोपों से बरी कर दिया था।
- सीबीआई इसके खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंची, लेकिन उसने भी इस फैसले को बरकरार रखा।
- इसके बाद सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में पिटीशन लगाई थी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी के 13 नेताओं पर साजिश का केस चलाने का आदेश दिया था।
3)SC ने कहा था- आडवाणी, उमा पर आपराधिक साजिश का केस चलेगा
- 19 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस पीसी घोष और जस्टिस आरएफ नरीमन की बेंच ने कहा था कि अयोध्या में विवादित ढांचा गिराने के मामले में आडवाणी समेत बीजेपी के 13 नेताओं पर आपराधिक साजिश का केस चलेगा। कोर्ट ने सीबीआई की पिटीशन पर ये फैसला सुनाया था।
- कोर्ट ने ये भी कहा था, "इस मामले में चल रहे दो अलग-अलग मामलों को एक कर दिया जाए और रायबरेली में चल रहे मामले की सुनवाई भी लखनऊ में की जाए। ये भी तय किया जाए कि सुनवाई दो साल में खत्म हो।"
- "सामान्य हालात में केस की सुनवाई टाली न जाए। जब तक सुनवाई पूरी न हो, तब तक जज का ट्रांसफर नहीं हो सकेगा। केस जिस लेवल पर थे, वहीं से शुरू होंगे।"
- बेंच ने सीबीआई को आदेश दिया था कि वह यह तय करे कि गवाह हर तारीख पर हाजिर हों। इसके अलावा, ट्रायल कोर्ट को आज की तारीख (19 अप्रैल) से चार हफ्तों के अंदर सुनवाई शुरू करनी चाहिए।
4) किन लोगों पर केस है?
- लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कल्याण सिंह, उमा भारती, विनय कटियार, विष्णु हरि डालमिया, साध्वी ऋतंभरा, महंत नृत्य गोपाल दास, महंत राम विलास वेदांती, बैकुंठ लाल शर्मा उर्फ प्रेमजी, चंपत राय बंसल, महंत धरम दास और सतीश प्रधान।
- कल्याण सिंह फिलहाल राजस्थान के गवर्नर हैं। सुप्रीम कोर्ट ने संवैधानिक पद पर रहने की वजह से इस मामले से उन्हें दूर रखा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जब तक वे इस पद पर हैं, उनके खिलाफ केस दर्ज न किया जाए। लेकिन विपक्ष उनके इस्तीफे की मांग कर सकता है। ढांचा गिराए जाने के वक्त कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के सीएम थे। इसलिए 12 लोगों के खिलाफ मंगलवार को सुनवाई हुई।
- इनके अलावा बाल ठाकरे, गिरिराज किशोर, अशोक सिंघल, महंत अवैद्यनाथ, परमहंस राम चंद्र और मोरेश्वर सावे के नाम भी हैं। इन सभी लोगों का निधन हो चुका है।
5) मंगलवार कोकोर्ट में पेश होने के पहले किस नेता ने क्या कहा?
- उमा भारती ने मंगलवार को कहा, ''ये खुला आंदोलन था जैसे इमरजेंसी के खिलाफ हुआ था। इस आंदोलन में क्या साजिश थी, मुझे पता नहीं अभी।''
- बीजेपी नेता विनय कटियार ने कहा, ''मुलायम सिंह ने माना था कि गलती हुई है। 16 लोग मारे गए थे। उनके (मुलायम सिंह) खिलाफ भी मामला चलना चाहिए। जितनी भी साजिश कर ली जाए, कोई भी साजिश काम नहीं आने वाली है।''
- साध्वी ऋतंभरा ने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि कोर्ट जल्द से जल्द इस मामले में फैसला देगा। आरोप सीबीआई ने लगाए हैं। कोर्ट में फैक्ट्स उनको पेश करने हैं। हमें कोर्ट पर भरोसा है।"
- इससे पहले, गेस्ट हाउस में आडवाणी से सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात की।
हमारे नेता बेकसूर: वेंकैया
- उधर, केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि यह लीगल प्रॉसेस है। इसे होने दीजिए। हमारे नेता बेकसूर हैं। वे इस केस से पूरी तरह बरी हो जाएंगे। मैं इस पर कोई कमेंट्स नहीं करना चाहता हूं।
- राम विलास वेदांती ने कहा, ''हमने कोई अपराध किया होगा तभी तो सजा मिलेगी। राम मंदिर को बनाने की कोशिश है। अधर्मियों का नाश करना अपराध नहीं होता है। राम मंदिर हमेशा से रहा है, मंदिर बनेगा। कोर्ट के फैसले पर यकीन है। हमारे हक में फैसला आएगा।" किसने साजिश की, वहां किसने मूर्तियां स्थापित कीं, तो कांग्रेस का नाम आएगा। ताला किसने तोड़ा तो कांग्रेस का नाम आएगा। शिलान्यास किसने कराया तो कांग्रेस का नाम आएगा। ढांचा किसके कार्यकाल में तोड़ा...सवा 9 बजे कल्याण सिंह ने इस्तीफा दे दिया था।
- "नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री थे। नरसिम्हा के कार्यकाल में ढांचा टूटा तो साक्षी महाराज को घेरा जा रहा है, आडवाणी को लपेट रहे हैं। आप कांग्रेस को घेर नहीं रहे हैं, जो विभाजन कर रही है। हिंदू-मुसलमान के बीच में दरार पैदा करती रही है। हमने कौन-सा पहाड़ तोड़ दिया। हमने जो किया, ठीक किया।''

Share This News :