Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
जिन्होंने नंबरों पर मोहल्लों के नाम रखे उन्हें डूब मरना चाहिए: शिवराज

भोपाल.भोपाल विलीनीकरण की वर्षगांठ के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहर के मोहल्लों के नाम नंबरों पर रखने पर कड़ी नाराजगी जताई। कहा- ऐसे लोगों को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए। शहर में कई लोगों को पता ही नहीं होगा कि टीटी नगर का पूरा नाम- तात्या टोपे नगर है। न्यू मार्केट और आसपास के क्षेत्र में टीटी नगर लिखा है। उन्होंने इसे बदलकर तात्या टोपे नगर लिखने के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री ने मोहल्लों और सड़कों का नामकरण शहीदों और महापुरुषों के नाम पर नामकरण करने के भी निर्देश दिए। बोट क्लब पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समिति बनाइए जो नामकरण तय करे। उल्लेखनीय है कि नए भोपाल के क्षेत्र सेकंड स्टॉप, 1250, 74 बंगला, 45 बंगला, पांच नंबर, छह नंबर, 1100 क्वार्टर्स आदि नाम से जाने जाते हैं। इन क्षेत्रों का भी नामकरण किया गया है, लेकिन वे नाम कभी भी लोगों की जुबान पर नहीं आते।

नवाब की हठधर्मिता के कारण आजादी के दो साल बाद तक गुलाम रहा भोपाल

भोपाल विलीनीकरण पर पहली बार आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भोपाल नवाब हमीदुल्ला खां पर भी निशाना साधा। कहा- भोपाल नवाब की हठधर्मिता और दुराग्रह के कारण भोपाल देश की आजादी के दो साल बाद (1949) आजाद हुआ। नवाब ने आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाईं जिसमें पांच लोगों की मौत भी हो गई। बच्चों को तो पता भी नहीं होगा कि भोपाल देश की आजादी के दो साल बाद तक परतंत्रता की बेड़ियों में बंधा था। मुख्यमंत्री ने शहर में फैले तनाव पर कहा कि भोपाल गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है। शहर की फिजा बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This News :