Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,
ग्वालियर में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिये करेंगे प्रयास – केन्द्रीय मंत्री तोमर

ग्वालियर। केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि ग्वालियर में हवाई सेवाओं का और विस्तार हो, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली-ग्वालियर-इंदौर हवाई सेवा प्रतिदिन हो, इसके लिये भी उच्च स्तर पर विचार विमर्श किया जा रहा है। नरेन्द्र सिंह तोमर ने यह बात सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में विमानपतन सलाहकार समिति की बैठक में कही।
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि भिण्ड रोड़ हवाई अड्डा तिराहे से हवाई अड्डे तक की रोड़ का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाए, इसके लिये सभी आवश्यक कार्रवाई जिला प्रशासन करे। इसके साथ ही हवाई अड्डे पर पार्किंग व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विमानतल पर आने वाले यात्रियों के लिये बेहतर खान-पान की व्यवस्था उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। विमानतल पर यात्रियों के लिये यात्री प्रतीक्षालय को और बेहतर बनाने की कार्रवाई की जाए। भारतीय विमानपतन प्राधिकरण द्वारा ग्वालियर सांसद की अध्यक्षता में विमानपतन सलाहकार समिति का गठन किया गया है। इस समिति में 11 सदस्य नामांकित किए गए हैं। समिति की पहली बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने सभी सदस्यों से कहा कि ग्वालियर को और बेहतर हवाई सेवायें उपलब्ध हों, इसके लिये उपलब्ध सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। जब तक यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी नहीं होगी, तब तक हवाई सेवा में बढ़ोत्तरी में दिक्कतें आती हैं। उन्होंने कहा कि सदस्य स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर विशेष अभियान चलाने की पहल करें।
बैठक में तोमर ने यह भी कहा कि ग्वालियर के पर्यटन स्थलों का भी ऐसा प्रचार-प्रसार किया जाए कि बाहर से आने वाले पर्यटक उसके बारे में जान सकें। इसके साथ ही हवाई अड्डे पर आने और जाने वाले यात्रियों को उड़ान के दिनों में सिटी बस सेवा से भी जोड़ा जाए। इसके लिये स्मार्ट सिटी में इसकी प्लानिंग की जाए। ग्वालियर के प्रतिष्ठित होटलों में भी ग्वालियर की उड़ानों की जानकारी उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने आश्वस्त किया कि समिति द्वारा जो निर्णय लिए गए हैं, उसका पालन जिला प्रशासन, समिति के सहयोग से समय-सीमा में पूर्ण करने का प्रयास करेगा। बैठक में विमानपतन निर्देशक प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में गठित सलाहकार समिति में विधायक भारत सिंह कुशवाह, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, हेमन्त गुप्ता, जी डी लड्ड़ा, रवि तोमर, सुशील राठौर, विष्णु गर्ग और राजेन्द्र सेठ को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

Share This News :