Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
गृहमंत्री राजनाथ ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां, यूपीए सरकार पर साधा निशाना

जयपुर। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार की तीन साल की उपलब्धियां गिनाने के साथ-साथ कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती यूपीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। राजनाथ ने कहा कि केवल इन तीन सालों में भारत की गिनती अब एक मजबूत राष्ट्र के तौर पर होती है। भारत गरीब व कमजोर राष्ट्र से ताकतवर देशों में गिना जाता है। अब कोई भी उंगली उठाकर यह नहीं कह सकता कि नरेंद्र मोदी सरकार का कोई मंत्री भ्रष्ट है। जानिए एक दिवसीय दौर पर जयपुर आए राजनाथ और क्या बोले ...

- राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को जयपुर की मुहाना मंडी में मोदी फेस्ट का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में राजनाथ ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
- राजनाथ ने कहा, राजस्थान में 25 लोकसभा सीटें हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से सभी 25 सीटें भाजपा की जिताने के लिए उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया।
- राजनाथ ने कहा, चीन के बाद जनसंख्या के बाद दूसरा सबसे बड़ा देश भारत है। भारत में संसाधनों की कोई कमी नहीं, लेकिन लंबे समय तक एक ही पार्टी की सरकार होने के कारण भारत गरीब देशों में गिना जाता था। तीन सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद भारत को अब कमजोर व गरीब देशों में नहीं बल्कि मजबूत देशों में गिना जाता है। भारत अब ताकतवर अर्थव्यवस्था है। इससे पहले 10 साल रही कांग्रेस की सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे, लेकिन हमारी तीन साल की सरकार के किसी मंत्री पर कोई उंगली उठाकर यह नहीं कह सकता कि यह मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त है।

किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं
- राजनाथ मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए बोले, मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों व महिलाओं के लिए कई कदम उठाए हैं। फसल बीमा योजना ऐसी ही एक योजना है। अब किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं। अपनी फसल का बीमा करवाया जा सकता है। फसल खराब होती है तो पूरा पैसा मिलेगा। अब 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। उन्होंने कहा, देश में यूरिया की किल्लत अब नहीं रही।
- राजनाथ ने कहा, मोदी सरकार ने महिलाओं के लिए भी कदम उठाए हैं। कामकाजी महिलाओं के लिए मोदी सरकार ने कदम उठाए। सरकार ने मां बनने के बाद महिलाओं की छुट्टी 26 सप्ताह की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

भारत की सीमाएं अब पहले से सुरक्षित

- राजनाथ ने कहा, भारत की सीमाएं पहले से अधिक सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, पाकिस्तन के सीजफायर का उल्लंघन करने पर सेना को इसका माकूल जवाब देने का निर्देश दिया गया है।


विशेष विमान से पहुंचे जयपुर

- इससे पहले राजनाथ सिंह विशेष विमान से जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर सीएम वसुंधरा राजे, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी, गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने उनका स्वागत किया।

क्या है मोदी फेस्ट
- उल्लेखनीय है कि मोदी फेस्ट का आयोजन देश के 120 शहरों में किया जा रहा है। इसमें नरेंद्र मोदी सरकार की तीन साल की उपलब्धियों जनता के साथ साझा की जा रही हैं। यहां भाजपा जयपुर देहात की ओर से होने वाली दंगल प्रतियोगिता का भी उद्घाटन हुआ।

Share This News :