Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
किसान आंदोलन से चोट खाये शिवराज अब करेंगे मंत्रीमंडल में फेरबदल

अपने लंबे शासन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहली बार बुरी तरह उलझे दिखे। उनका मनोबल गिरा और हिम्मत भी टूटी। इस कारण उपवास तक पर उन्हें बैठना पड़़ा। आंदोलन इतना विकराल रूप लेगा उन्होंने सोचा भी न था। इस मामले में गृह विभाग और गुप्तचर एजेंसियां बिल्कुल फिसडडी साबित हुई। अब शिवराज इन सबसे सबक लेकर मंत्रीमंडल में फेरबदल कर सकते है। मुख्यतः गृह विभाग किसी वरिष्ठतम और समझदार मंत्री को मिलेगा। इसके अलावा नए चेहरें भी सरकार में शामिल होंगे।
1996 में दिग्विजय सिंह की सरकार में बेतुल जिले के मुलताई में किसान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जबरदस्त आंदोलन हुआ था जिसमें पुलिस फायरिंग में 19 किसानों की जान चली गई थी। लंबे समय तक किसानों की हत्या का दाग दिग्विजय सिंह की सरकार के साथ जुड़ा रहा था। 19 साल बाद एक बार फिर मंदसौर में वही घटना दोहराई गई तो विपक्षियों को भी जैसे बैठे बिठाए मुद्दा मिल गया। वहीं खुद शिवराज बुरी तरह टूट गये। किसानों से बार बार की गई अपील भी काम न आई। लगातार हिंसक आंदोलन और पुलिस की बर्बरता से शिवराज असहज दिखे। उन्होंने सोचा भी न था कि ऐसा दिन उन्हें देखना होगा, जब राज्य में हिंसा फैलेगी। जबकि वह तो अहिंसक है। मिलनसार और सबको साथ लेकर चलने वाले। परंतु अपनी मांगे न पूरी होने से किसान हिंसक हो उठे। हिंसा को शांत करने में चली गोलियों ने आधा दर्जन किसानों को लील लिया। 
यह देख धरती पुत्र के सुपुत्र शिवराज बुरी तरह टूट गये। उन्हें राज्य में शांति बहाली के लिए उपवास करना पड़ा। उपवास उनका काम भी आया और किसान अब कुछ खामोश दिख रहे है। उपवास स्थल पर मिले किसानों के आग्रह पर उन्होंने अनशन तोड़ा। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में जिस प्रकार गृह मंत्रालय और गुप्तचर विभागों के बदलते बयान और बुरी तरह से फैल हुई सूचनाएं शिवराज के लिए सबक बनी है। वही अधिकारी वर्ग के भी गलत बयानों ने इस हिंसा में आग में घी डालने का काम किया। शिवराज अब सरकार को दुरूस्त करने के लिए कुछ बड़े फैसले ले सकते है। जहां मंत्रियों के विभागों में फेरबदल हो सकता है। वही कुछ नये मंत्री भी सरकार में शामिल हो सकते है। इनमें प्रमुख रूप से इंदौर से रमेश मेंदोला शामिल हैं। गृह विभाग को बजरंगी नेता जयभान सिंह पवैया या संकटमोचक मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र को सौंपा जा सकता है।

Share This News :