एमपी के 1.25 करोड़ महिलाओं के खाते में आए 1750 रुपए, लाड़ली बहनों को मिला रक्षाबंधन का तोहफा, ऐसे करें चेक
भोपाल। मां शारदा की पावन नगरी मैहर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का बड़ा उपहार दिया है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 2,148 करोड़ रुपये की राशि सीधे हितग्राही बहनों के बैंक खातों में अंतरित कर दी है।
इस बार बहनों के खातों में कुल 1,750 रुपये की राशि भेजी गई है। इसमें मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में नियमित मिलने वाले 1,500 रुपये के साथ-साथ रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर शगुन के तौर पर 250 रुपये अतिरिक्त शामिल हैं।
रक्षाबंधन का विशेष उपहार और राशि का विवरण
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, रक्षाबंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए इस बार मासिक किस्त के अलावा विशेष उपहार राशि जोड़ी गई है...
39वीं किस्त (मासिक सहायता): ₹1,500 प्रति हितग्राही के मान से कुल ₹1,835.46 करोड़।
रक्षाबंधन शगुन उपहार: ₹250 प्रति हितग्राही के मान से कुल ₹312.83 करोड़।
कुल अंतरित राशि: ₹2,148 करोड़।
राशि ट्रांसफर करने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बहनों के प्रति स्नेह और उनके सशक्तिकरण का प्रतीक है।
अब तक 63 हजार करोड़ से अधिक की सहायता
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। तब से लेकर अगस्त 2026 तक की अवधि में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा लाभार्थी महिलाओं के खातों में कुल 63,248 करोड़ रुपये की सहायता राशि सफलतापूर्वक ट्रांसफर की जा चुकी है।