Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया के सत्याग्रह मंच से बोले दिग्गी, कहा- डर है तो भाजपा में जाओ, वर्ना संघर्ष करो

भोपाल. मंदसौर किसान गोलीकांड में एसपी ओपी त्रिपाठी को हटाए जाने के छह दिन बाद महकमे के कुछ और अफसरों पर भी गाज गिरी है। शासन ने 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी सीएसपी साईं कृष्णा एस थोटा समेत मंदसौर के कई पुलिस अधिकारियों को हटाने के आदेश जारी कर दिए। बुधवार को ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंदसौर के दौरे पर थे। यहां से वे गुरुवार सुबह रतलाम के लिए निकले और दोपहर बाद अफसरों के हटाने का आदेश जारी हो गया।

सीएसपी साईं कृष्णा को मंदसौर से हटाकर 8वीं सेना वाहिनी छिंदवाड़ा भेजा गया है। एडिशनल एसपी मंदसौर अजय प्रताप सिंह मोहारी को 35वीं वाहिनी मंडला भेजा गया है। एडिशनल एसपी गरोठ (मंदसौर) एसएस कनेश उनकी (मोहारी) जगह लेंगे। एसडीओपी मल्हारगढ़ (मंदसौर) राधेश्याम सोलंकी को डिप्टी एसपी पीएचक्यू अटैच किया गया है, जबकि उनकी जगह डिप्टी एसपी (अजाक) मंदसौर प्रदीप बख्शी को भेजा गया है। एसडीओपी मंदसौर संध्या राय को डिप्टी एसपी पीएचक्यू अटैच किया गया है।

गोलीकांड के दोषियों को कड़ी सजा दी जाए
सत्याग्रह के दूसरे दिन गुरुवार को कांग्रेस सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से 50 से ज्यादा किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की। मंच से सिंधिया ने मांग की है कि गोलीकांड के दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।

डर है तो भाजपा में जाओ, वर्ना संघर्ष करो
किसानों की मांगों को लेकर चल रहे कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सत्याग्रह में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सक्रिय होने की नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव के लिए ये सब नहीं हो रहा। अभी से जनता और किसानों के साथ जाना होगा। युवा नेतृत्व सामने है। मैं तो पीछे रहूंगा। वर्ष 2003 में जब कांग्रेस हारी थी, तब कहा गया कि मेरी नीतियों की वजह से हारे। इसीलिए मैं दूर हो गया। लेकिन मैं किसी से नहीं डरता। इसीलिए खुलकर आरएसएस और भाजपा से लड़ाई लड़ रहा हूं। जिन्हें डर है वे भाजपा में चले जाएं। लड़ना है तो कांग्रेस में रहें। मोदी के 56 इंच का सीना हमने देख लिया। कोई दम नहीं।

जहां दिग्विजय जाते हैं कांग्रेस के वोट कम हो जाते हैं
दिग्विजय ने यह भी कहा कि भाजपा के लोग प्रचारित करते हैं कि जहां दिग्विजय जाते हैं कांग्रेस के वोट कम हो जाते हैं। इसीलिए में अब युवा नेतृत्व के पीछे रहूंगा। बातों-बातों में उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि सीएम का चेहरा प्रोजेक्ट होने के पीछे मत रहो। जब 2003 में चुनाव जीते थे, तब मैं भी चेहरा नहीं था। चौबीस घंटे में चेहरा तय हो जाता है। सत्याग्रह के दूसरे दिन सिंधिया ने कहा कि भाजपा के पोस्टर लगाने से कुछ नहीं होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथ खून से सने हैं। छह किसानों को गोली मारी गई है। आठ किसानों ने आत्महत्या की है। इसे धोने नहीं देगी कांग्रेस।

इन पर भी दिग्विजय के तीखे हमले

-मोदी ने कहा था कि किसानों को उपज की डेढ़ गुना लागत मिलेगी। कहां गई। नोटबंदी विफल हुई, जिससे किसान-व्यापारी परेशान हैं। मोदी का काम आतंक फैलाने का है। मुझे उनमें हिटलर दिखता है।
- शिवराज रेत के हिसाब-किताब में ऐसे मशगूल हुए कि किसानों को भूल गए।
- मंत्रालय की पांचवी मंजिल से भ्रष्टाचार चल रहा है। इसीलिए न कलेक्टर और न ही नीचे का पटवारी सुनते हैं। मेरी सरकार में तो किसानों को मुफ्त बिजली मिलती थी। अब शिवराज सरकार में बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता।
- किसानों की लड़ाई विवेक तन्खा लड़ेंगे।

सिंधिया ने महल-एसी छोड़ा और किसान के बेटे शिवराज एसी में बैठे
सत्याग्रह को लेकर दिग्विजय सिंह ने सिंधिया को बधाई देते हुए कहा कि जो महल में और एयरकंडीशन के बिना नहीं रह सकते थे, वे सत्याग्रह पर हैं। जो खुद को किसान का बेटा बताते थे, वो पांडाल में एसी में सोते रहे। शिवराज का उपवास सिर्फ नाटक व नौटंकी ही थी।

आज दोपहर 12 से 3 बजे तक देशभर में नेशनल हाईवे जाम करेंगे किसान
कर्ज माफी की मांग मनवाने के लिए किसान संगठन शुक्रवार को देशभर में नेशनल हाईवे जाम करेंगे। 62 किसान यूनियनों के संगठन राष्ट्रीय किसान महासंघ ने दोपहर 12 से 3 बजे तक जाम का आह्वान किया है। महासंघ के सदस्य रघुपति सिंह ने बताया कि कर्ज माफी के अलावा किसानों को फसलों का उचित दाम दिलवाना और मध्यप्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करना भी उनकी मांगों में शामिल हैं। मंदसौर में छह किसानों की मौत के बाद संगठन ने 10 जून को हाईवे जाम करने का फैसला लिया था।

Share This News :