Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
राष्ट्रपति चुनाव: मेरी उम्मीदवारी अफवाह है: सुषमा; भागवत भी दौड़ में नहीं: RSS

नई दिल्ली. सुषमा स्वराज ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में उनकी उम्मीद्वारी की बातें अफवाह हैं। सुषमा ने कहा, "ये सब अफवाह है। मैं एक्सटर्नल अफेयर्स मिनिस्टर हूं और आप जो मुझसे पूछ रहे हैं, वो इंटरनल मैटर है।" उधर, RSS ने भी साफ कर दिया है कि मोहन भागवत प्रेसिडेंशियल पोस्ट की दौड़ में नहीं हैं। बता दें कि अभी तक एनडीए और यूपीए, दोनों की तरफ से प्रेसिडेंशियल कैंडिडेट का एलान नहीं हुआ है। सबकी रजामंदी से प्रेसिडेंट चुनने के लिए बीजेपी ने एक पैनल बनाया है। उधर, यूपीए ने भी अपोजिशन पार्टीज की एक मीटिंग इसी हफ्ते की है। इलेक्शन कमीशन प्रेसिडेंट इलेक्शन के लिए डेट्स का एलान कर चुका है। EC के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर 17 जुलाई को वोटिंग की जाएगी और 20 जुलाई को काउंटिंग। भागवत पर बोली RSS- शिवसेना ने रॉन्ग नंबर डायल किया...

- शिवसेना RSS चीफ मोहन भागवत का नाम राष्ट्रपति कैंडिडेट के लिए आगे कर रही है। इस बीच RSS ने खुद साफ कर दिया है कि भागवत इस दौड़ में नहीं हैं।
- RSS के राकेश सिन्हा ने कहा, "सबसे पहले में शिवसेना को भागवत में भरोसा जताने के िलए धन्यवाद देना चाहता हूं, लेकिन उन्होंने (शिवसेना) ने रॉन्ग नंबर डायल किया है। मोहन भागवत का कद, उनका व्यक्तित्व, उनका दर्शन एक सामाजिक और सांस्कृतिक आयाम रखते हैं। इसलिए, मैं ऐसा नहीं सोचता हूं कि वो राष्ट्रपति के पद के लिए विकल्प हो सकते हैं।"
- "ऑर्गनाइजेशन (RSS) को ध्यान में रखते हुए वो खुद इस बात को खारिज कर चुके हैं। वो इस बात को अच्छी और मनोरंजक खबर बता चुके हैं।"
भागवत आदर्श कैंडिडेट हैं- शिवसेना
- बुधवार को शिवसेना ने मोहन भागवत को राष्ट्रपति पद के लिए आदर्श कैंडिडेट बताया था।
- सेना लीडर संजय राउत ने कहा था,"अभी तक इस बारे में (राष्ट्रपति चुनाव) हमारी राय नहीं जानी गई है। हमने सुना है कि बीजेपी ने 3 मेंबर्स की कमेटी बनाई है। हमारा मानना है कि बीजेपी एक नाम प्रपोज करे और फिर उस पर िडस्कशन हो। ऊद्धव ठाकरे जी ने कहा है कि शिवसेना के लिए मोहन भागवत राष्ट्रपति पद के लिए सही कैंडिडेट हैं और पार्टी मिलकर उनका समर्थन करती है।"
प्रेसिडेंट पोस्ट के लिए ये हैं संभावित कैंडिडेट
1. लालकृष्ण आडवाणी (एनडीए)
कई महीनों से नाम चर्चा में है। बाबरी केस चलने के बावजूद नॉमिनेशन फाइल कर सकते हैं, क्योंकि वे फिलहाल सिर्फ आरोपी हैं। शत्रुघ्न सिन्हा जैसे नेता आडवाणी को उम्मीदवार बनाना चाहते हैं। बीजेपी की तरफ से इसके संकेत नहीं दिए गए। लेकिन शुक्रवार को राजनाथ-वेंकैया सोनिया से मुलाकात करने के बाद अचानक आडवाणी से मिलने पहुंच गए। इसके बाद उनके नाम की फिर चर्चा होने लगी।
2. ई. श्रीधरन (एनडीए)
मेट्रोमैन के नाम से मशहूर हैं। दिल्ली में मेट्रो चलाने का सपना इन्हीं की वजह से पूरा हुआ था। उद्घाटन वाजपेयी सरकार के दौरान हुआ था। कोच्चि मेट्रो के इनॉगरेशन प्रोग्राम में जब मंच पर मोदी के साथ बैठने वालों में इनका नाम नहीं आया, तब से कयास लगाए जाने लगे कि संभावित उम्मीदवार से दूरी बनाए रखने के लिए ऐसा किया जा रहा है। हालांकि, कोच्चि मेट्रो के इनॉगरेशन प्रोग्राम में ये मोदी के साथ नजर आए। दोनों के बीच बातचीत भी हुई।
3. सुषमा स्वराज (एनडीए)
आडवाणी की ही तरह इनका नाम भी लंबे से चर्चा में है। विदेश मंत्री हैं। भारतीयों को मदद पहुंचाने के मामले में एक्टिवनेस के चलते मोदी सरकार में सबसे पॉपुलर मंत्री मानी जाती हैं। हालांकि, राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने की दौड़ में आगे होने की बात को अफवाहें करार दे रही हैं।
4. सुमित्रा महाजन (एनडीए)
सबसे सीनियर महिला सांसद हैं। आठ बार से इंदौर से चुनाव जीत रही हैं। 2014 के चुनाव के बाद इन्हें लोकसभा स्पीकर बनाया गया। मीरा कुमार के बाद वे लोकसभा स्पीकर बनने वाली दूसरी महिला हैं। आडवाणी-सुषमा के दौड़ से बाहर होने की स्थिति में उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
5. गोपालकृष्ण गांधी (यूपीए)
महात्मा गांधी के पोते हैं। आईएएस रहे हैं। जब वे बंगाल के गर्वनर थे तो अपनी सादगी और बेबाकी के लिए मशहूर थे। यूपीए उन्हें उम्मीदवार बना सकता है।
6. मोहन भागवत
- आरएसएस प्रमुख है। शिवसेना उन्हें राष्ट्रपति बनाना चाहती है। कयासों के बीच उन्होंने शुक्रवार को प्रणब मुखर्जी के साथ लंच किया। हालांकि, शिवसेना की मांग पर आरएसएस का कहना है कि उसने भागवत का नाम आगे कर रॉन्ग नंबर डायल किया है।
7. एमएस स्वामीनाथन (शिवसेना)
स्वामीनाथन भारत में हरित क्रांति के जनक कहे जाते है। शिवसेना का कहना है कि अगर बीजेपी भागवत को राष्ट्रपति नहीं बनाती तो ऐसी स्थिति में स्वामीनाथन पर विचार किया जा सकता है।
सोनिया से मिले थे राजनाथ-वेंकैया
- राष्ट्रपति चुनाव में आपसी रजामंदी बनाने के लिए सरकार और विपक्ष के बीच शुक्रवार को हुई बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी। विपक्ष इस उम्मीद में था कि भाजपा नेता किसी उम्मीदवार का नाम चर्चा के लिए रखेंगे। इसके उलट उन्होंने विपक्ष से ही उम्मीदवार का नाम जानना चाहा।
- अमित शाह द्वारा बनाई गई कमेटी में शामिल राजनाथ सिंह और वेंकैया नायडु शुक्रवार को पहले सोनिया गांधी और फिर माकपा महासचिव सीताराम येचुरी से मिले थे।
- सोनिया के साथ उनके घर पर हुई बातचीत में गुलाम नबी आजाद तथा मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा नेता अगर कोई नाम सुझाते तो कांग्रेस के अंदर और अन्य विपक्षी दलों से विचार-विमर्श किया जाता।
- वहीं, येचुरी ने कहा कि सत्ता पक्ष जब कोई नाम ही नहीं बताएगा तो हम क्या राय देंगे। नाम सामनेे आने पर ही बात आगे बढ़ सकती है।
- नायडू पिछले तीन दिन में बसपा, एनसीपी, टीडीपी से संपर्क कर चुके हैं। टीडीपी ने एनडीए के उम्मीदवार को समर्थन का आश्वासन दिया है।
राष्ट्रपति से मिलने के लिए रुद्रपुर से खासतौर पर आए भागवत
आरएसएस ने कहा कि मोहन भागवत को लंच के लिए राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने ही बुलाया था। इसके कोई और मायने नहीं निकालने चाहिए। हालांकि, आरएसएस सूत्रों के अनुसार भागवत गुरुवार को स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के सिलसिले में रुद्रपुर में थे। राष्ट्रपति के साथ लंच के लिए शुक्रवार को खासतौर पर वह दिल्ली आए। राष्ट्रपति पद के लिए शिवसेना द्वारा बार-बार भागवत का नाम उछालने के चलते उनका राष्ट्रपति भवन पहुंचना चर्चाओं को हवा दे रहा है।
छह नामांकन दाखिल, सभी खारिज
17 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए शुक्रवार को छह नामांकन दाखिल हुए। लेकिन पर्याप्त दस्तावेज नहीं होने पर रिटर्निंग अधिकारी ने इन्हें खारिज कर दिया।
​ऐसे होगा राष्ट्रपति चुनाव
# 4896 वोटर राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा ले सकेंगे। इनमें 4120 MLAs और 776 MPs शामिल हैं।
# 20 AAP के विधायकों के खिलाफ हाउस ऑफ प्रॉफिट के मामले में केस चल रहा है, लेकिन इलेक्शन कमीशन का कहना है कि आज की बात करें तो ये लोग वोट डाल सकेंगे।
# 12 नॉमिनेटेड राज्यसभा मेंबर्स भी वोट नहीं डाल सकेंगे। इसके अलावा, लोकसभा में दो एंग्लो-इंडियन कम्युनिटी के नॉमिनेटेड मेंबर्स भी वोट नहीं डाल सकेंगे।
# 10 खाली सीटें हैं राज्यसभा की, जिनके लिए चुनाव की घोषणा राष्ट्रपति चुनाव के बाद ही की जाएगी।
कितने वोट जरूरी
- किसी भी दल को अपनी पसंद का प्रेसिडेंट बनाने के लिए 50% यानी 5,49, 442 वोटों की जरूरत है।
NDA के पास कितने वोट?
- लोकसभा, राज्यसभा और स्टेट असेंबली को मिलाकर टोटल 5,2,371 वोट होते हैं। एनडीए का टोटल वोट पर्सेंटेज 48.10 फीसदी है।
UPA के पास कितने वोट?
- साझा कैंडिडेट उतारने की स्थिति में सभी अपोजिशन पार्टियां एक हो जाती हैं तो टोटल वोट 5,68,148 होंगे, यानी करीब 51.90%। ये प्रेसिडेंट बनाने के लिए काफी है।​

Share This News :