Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
सोनिया गांधी का पीए बताकर करता था कांग्रेस के मंत्रियों को फोन, एस्कॉर्ट भी फर्जी

जीरकपुर. खुद को सोनिया गांधी का पीए बताकर कांग्रेस के ही मंत्रियों को फोन कर रौब झाड़ने वाले जालसाज परमिंदर सिंह तूर को जीरकपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तूर खुद को सोनिया गांधी का पीए ही, नहीं बल्कि राहुल गांधी यूथ ब्रिगेड का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बता रहा है। तूर ने कांग्रेस के मंत्री राणा गुरजीत सिंह अन्य कई बड़े नेताओं को फोन कर कहा कि वह सोनिया गांधी का पीए है।

सिक्योरिटी गार्ड के साथ गिरफ्तार...

तूर के संबंध डीजीपी रैंक के एक पुलिस अफसर से भी हैं। इसी के दम पर वह पुलिस पर दबाव बना रहा था। हालांकि, उसके खिलाफ शिकायतें मिली थीं, जिस पर पुलिस ने उसे जीरकपुर में विस्प्रिंग विलो रिजॉर्ट से उसके सिक्योरिटी गार्ड और साथियों के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
6 साथियों को गिरफ्तार, सभी पंजाब से रखते हैं ताल्लुक...

पुलिस ने तूर के साथ ही उसके 6 साथियों को गिरफ्तार किया है, जो उसके साथ बतौर सुरक्षा गार्ड और ड्राइवर काम कर रहे थे। इनमें गांव गिदड़ी पायल के बलजिंदर सिंह, गांव चक मुकंद (अमृतसर) के पलविंदर सिंह, रामगढ़ के वरिंदर सिंह, डेराबस्सी के ड्राइवर बंटी, मोगा के गुरमीत सिंह और फाजिल्का के आदसच सिंह शामिल हैं। इनके पास से रिवॉल्वर और कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिनके डॉक्यूमेंट ये दिखा नहीं पाए।
तूर की दोस्ती डीजीपी रैंक के पुलिस अफसर से...

तूर की दोस्ती डीजीपी रैंक के एक पुलिस अफसर से है। रौब डालने के लिए उसने रेंज रोवर जैसी महंगी गाड़ी, पायलट में नई स्कॉर्पियो भी रखी थी। सुरक्षा के लिए तगड़े जवानों को रखा था, जो ऐसी वर्दी में रहते थे जैसे स्पेशल फोर्स के जवान सीएम सुरक्षा में होते हैं। पुलिस को उसकी शिकायतें मिली थीं।

पुलिस जांच में सामने आया कि तूर मूल रुप से हरियाणा के गांव नांगला, जिला टोहाना का रहने वाला है। इन दिनों वह डेराबस्सी के एटीएस अपार्टमेंट में रह रहा था। तूर ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के लिए प्रचार किया। तूर ने कांग्रेस के नेता दीपिंदर सिंह ढिल्लों के साथ शहर में कुछ जगहों पर पोस्टर भी लगवाए थे।

पुलिस ने तूर को जब गिरफ्तार किया तो हैरान रह गई। तूर के पास से पुलिस ने एक रेंज रोवर गाड़ी कब्जे में ली है, जिसमें वह खुद चलता था। रेंज रोवर गाड़ी के साथ एक महिंद्रा स्कॉर्पियो बतौर पायलट व्हीकल चलती थी, जिसकी कहीं कोई इजाजत ही नहीं थी, सब रौब मारने के लिए रचा गया ड्रामा था। तूर उसके साथियों के पास से 32 बोर के दो रिवॉल्वर, 32 जिंदा कारतूस, 4 लाख की नकदी। दो 10- 10 लाख के चेक, कुछ विदेशी करंसी भी बरामद की गई है। पुलिस ने जब रिवॉल्वर, कारतूस और करंसी के बारे में पूछा तो तूर उसके साथियों सुरक्षा में लगे लोगों ने सही जानकारी नहीं दी।

जीरकपुर पुलिस ने तूर को रिमांड हासिल करने के लिए अदालत में ले गई तो वहां उसके तीन वकील पहले से मौजूद थे। पुलिस ने अदालत से रिमांड मांगा पर अदालत ने रिमांड देने से मना कर दिया। अदालत ने उसे ज्युडिशियल रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने तूर के साथी गुरमीत सिंह और आदसच सिंह को गिरफ्तार किया है।
ये दोनों तूर के लिए ऐसे लोगों को तलाशते थे जो नौकरी लगाने अन्य काम कराने के बहाने मोटी रकम दे सकें। जब तूर को गिरफ्तार किया गया तो उसके पास मौजूद रिवॉल्वर का लाइसेंस भी वह नहीं दिखा सका। इसके साथ ही उसने गिरफ्तारी के दौरान अपना दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस झांसे में नहीं आई और उसे और उसके साथियों को दबोच लिया।

Share This News :