Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
कतर में फंसे भारतीयों को एयरलिफ्ट करेगी सरकार, 16 महीने बाद ऐसा ऑपरेशन

नई दिल्ली. पिछले महीने सऊदी अरब, बहरीन, यूनाइटेड अरब एमिरेट्स (यूएई), यमन और मिस्र ने कतर से डिप्लोमैटिक रिलेशन खत्म कर दिए। इस ब्लॉकेज के बाद कतर में कई भारतीय फंस गए हैं। इन्हें एयरलिफ्ट करने के लिए भारत सरकार 22 जून से 8 जुलाई तक स्पेशल फ्लाइट्स चलाएगी। कहा जा रहा है कि कतर में हजारों भारतीयों को फ्लाइट टिकट भी नहीं मिल पा रहे। यहां करीब 7 लाख भारतीय रहते हैं। इस पूरे मामले पर सुषमा स्वराज नजर रखे हुए हैं। इससे पहले मार्च 2016 में ब्रसेल्स के एयरपोर्ट पर ब्लास्ट के बाद 800 पैसेंजर्स फंसे थे। सरकार इन्हें जेट एयरवेज की मदद से एयरलिफ्ट कर नीदरलैंड्स और फिर भारत लाई थी। 3 जगहों से एडिशनल फ्लाइट्स जाएंगी दोहा...



- सिविल एविशन मिनिस्टर अशोक गजपति राजू ने ट्वीट कर बताया- "एयर इंडिया और प्राइवेट एयरलाइंस जेट एयरवेज एडिशनल फ्लाइट्स चलाएंगी, जो कि दोहा से कोच्चि, तिरुवनंतपुरम और मुंबई के लिए हैं। सरकार कुछ दूसरी प्राइवेट एयरलाइंस से भी इस बारे में बात हो रही है। यह कोशिश सुषमा स्वराज से बात करने के बाद शुरू की गई है।"
- हालांकि, सरकार ने अभी तक यह नहीं बताया कि कितने भारतीयों को कतर से भारत लाया जाएगा।
- गजपति राजू ने बताया कि कतर में रह रहे भारतीय खुद को फंसा हुआ महसूस नहीं कर रहे हैं, लेकिन कई भारतीयों को टिकट नहीं मिल पा रहे। उनसे एडिशनल चार्ज मांगा जा रहा है। सरकार ऐसे ही लोगों की मदद करना चाहती है।

कब से कब तक चलेंगी स्पेशल फ्लाइट्स?
-न्यूज एजेंसी को सिविल एविशन के अफसर ने बताया कि जेट एयरवेज मुंबई से दोहा के बीच 22 और 23 जून को कुछ एक्स्ट्रा फ्लाइट्स चला रही है।
- उधर, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट तिरुवनंतपुरम से दोहा और कोच्चि से दोहा के रूट पर 25 जून से 8 जुलाई के बीच चलेगी। इसमें 186 पैसेंजर के बैठने की कैपिसिटी होगी।

सबसे बड़ा एयरलिफ्ट ऑपरेशन 1990 में चलाया था
- भारत सरकार ने इससे पहले सबसे बड़ा एयरलिफ्ट ऑपरेशन 1990 में चलाया था। इराक और कुवैत में जंग के हालात थे। तब दोनों देशों से करीब 1लाख 10 हजार भारतीयों को भारत लाया गया था। इस ऑपरेशन को 500 फ्लाइट्स के जरिए अंजाम दिया गया था। यह अब तक के इतिहास का सबसे बड़ा ऑपरेशन है।
- मार्च 2015 में भारत ने सिविल वॉर से ग्रस्त यमन से करीब 3000 भारतीयों को समुद्र के रास्ते निकाला था। इस दौरान करीब 26 देशों ने भारत से अपने नागरिकों को निकालने में मदद की गुहार लगाई थी। भारत ने करीब 176 विदेशी नागरिकों को भी बचाया था। इस काम के लिए नेवी के वॉरशिप आईएनएस सुमित्रा, आईएनएस मुंबई और आईएनएस तरकश का इस्तेमाल किया गया था। इस ऑपरेशन की कमान जनरल वीके सिंह ने संभाली थी। उन्होंने पांच दिनों तक जिबूती में रहकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था।

कतर पर बैन क्यों लगाया, Q&A में जानें पूरा मामला

1) सऊदी, मिस्र, बहरीन, यमन और UAE ने क्या किया?
- चारों देशों ने कतर से अपने डिप्लोमैटिक रिलेशन खत्म कर लिए। चारों का मानना है कि कतर आतंकवाद को समर्थन देता है। इस फैसले से 36 साल पुराने गल्फ यूनियन में दरार पड़ गई। बता दें कि सऊदी, यूएई, बहरीन, ओमान और कतर ने गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल का गठन किया था। काउंसिल, मिडल ईस्ट में काफी रसूख रखता था।

2) कतर की कितनी अहमियत?
- कतर लिक्विफाइड नेचरल गैस (LNG) बेचने वाला सबसे बड़ा देश है। वह दुनिया की एक तिहाई एलएनजी की डिमांड पूरी करता है।
- भारत हर साल उससे 85 लाख टन गैस खरीदता है। भारत, कतर से एलएनजी खरीदने वाला जापान के बाद दूसरा सबसे बड़ा देश है।
- कतर का अल-उदैद एयरबेस यूएस मिलिट्री की सेंट्रल कमांड के 10 हजार सैनिक रहते हैं।
- कतर में 2022 में फुटबॉल वर्ल्ड कप होना है। साथ ही वह ISIS से लड़ रहीं अमेरिकी अगुआई वाली कोएलिशन फौजों का मेंबर भी है।

3) कतर पर क्या होगा असर?
- कतर मिस्र, सऊदी अरब, बहरीन और यूएई के एयरस्पेस और पोर्ट्स का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।
- एमिरेट्स और एतिहाद एयरलाइंस ने कतर की अपनी सभी उड़ानों को सस्पेंड कर दिया है।

कतर में भारतीयों पर क्या असर पड़ेगा?
- भारत से कतर जाने पर संभवत: कोई असर नहीं पड़ेगा। क्योंकि फ्लाइट्स फारस की खाड़ी होकर दोहा जाती हैं। अगर सऊदी समेत कुछ देश कतर जाने वाली फ्लाइट्स पर बैन लगाते भी हैं, तो ये फारस की खाड़ी पर लागू नहीं होगा।
- कतर में रहने वाले भारतीयों को सऊदी अरब, मिस्र, बहरीन, यमन और यूएई जाने में परेशानी हो सकती है। चारों देशों ने किसी तरह से कतर को एयरस्पेस और पोर्ट्स देने से मना कर दिया है। भारतीयों को अगर इन देशों में जाना है तो कई देशों से घूमकर जाना होगा।

खाड़ी देशों ने क्यों उठाया ये कदम?
- काउंसिल ऑफ फॉरेन रिलेशन के गेल जेमाख के मुताबिक, चारों देशों के फैसला लेने की तीन वजहें हैं।
1. सऊदी की अगुआई में गल्फ देशों का मानना है कि कतर, मुस्लिम ब्रदरहुड (एक सुन्नी कट्टरपंथी संगठन) के मेंबर और मिस्र के पूर्व प्रेसिडेंट मोहम्मद मुरसी को सपोर्ट करता था। मार्च 2014 में सऊदी अरब, यूएई और बहरीन ने कतर से अपने एम्बेसडर्स बुला लिए थे।
2. हाल ही में डोनाल्ड ट्रम्प ने सऊदी का दौरा किया था। ट्रम्प एडमिनिस्ट्रेशन मानता है कि कतर, ईरान को सपोर्ट करता है। अमेरिका, ईरान का विरोधी है।
3. कतर पर आरोप था कि मई में हैकर्स ने उसकी न्यूज एजेंसी पर कब्जा कर लिया था। इसमें उसके अमीर की तरफ से ईरान और इजरायल पर कमेंट्स किए गए थे। इन देशों ने इस पर नाराजगी जताते हुए दोहा बेस्ड अल जजीरा नेटवर्क समेत कतर मीडिया को ब्लॉक करने की बात कही थी।

Share This News :