Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने पौधारोपण की करानी होगी वीडियोग्राफी

जबलपुर। जिले सहित प्रदेशभर में नर्मदा किनारे और जिलों में 2 जुलाई को 6 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा। इस महाअभियान को गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए शासन ने जिला स्तर पर गाइडलाइन जारी कर दी है। कलेक्टर महेशचंद्र चौधरी ने बुधवार को जिले के सभी अधिकारियों को गाइडलाइन से अवगत कराया। वहीं हर तरह की व्यवस्था जुटाने के निर्देश दिये।

ऐसे करेंगे तभी मिलेगा रिकार्ड

- कलेक्टर ने बताया कि पौधारोपण सुबह 7 से शाम 7 बजे तक लगातार किया जाएगा।

- मान लीजिये एक विभाग किसी स्थल पर पौधारोपण कर रहा है, तो वहां दूसरे विभाग को गवाह के तौर पर रखना होगा।

- सभी पौधारोपण वाली जगहों की वीडियोग्राफी और जियो टैगिंग की जाएगी। गूगल का सहारा लेकर जियो टैगिंग होती है। इससे लोकेशन का पता भी चलेगा।

- पौधों की संख्या, गड्ढों की संख्या, पौधारोपण करने वालों की संख्या का हिसाब रखना होगा।

- पूरे अभियान में कितने विभाग, संस्थाएं, कर्मचारी, अधिकारी, संगठन शामिल हुए। इसकी सूची पहले ही तैयार की जा चुकी है। लेकिन 2 जुलाई को कितने लोग हिस्सा लेंगे, इसकी सूची उसी दिन बनानी होगी।

- 21 तरह की कैटेगरी के तहत गाइडलाइन को फॉलो करना होगा।

नोडल अधिकारी करेंगे मॉनीटरिंग

वर्ल्ड रिकार्ड बनाने से पहले कलेक्टर ने सभी क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारियों को मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी है। जो रिकार्ड के लिए जारी गाइडलाइन का पालन कराएंगे। वहीं किसी तरह की कमी होने पर उसे पूरा कराने की जिम्मेदारी निभाएंगे।

रिपोर्ट जाएगी शासन तक

- जिले में होने वाले पौधारोपण की पूरी डीटेल रिपोर्ट, वीडियो, फोटो के साथ शासन को भेजी जाएगी। शासन अपने स्तर पर सभी जिलों की जानकारी को एक जगह तैयार करेगा और फिर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के अधिकारियों को सौंपेगा। हालांकि 2 जुलाई को गिनीज बुक के अधिकारी भी प्रदेश में रहेंगे।

Share This News :