Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
गुड एंड सिंपल टैक्स है GST: मोदी; आधी रात से एक देश-एक टैक्स लागू

नई दिल्ली. सत्रह साल की कोशिशों के बाद आखिरकार गुड्स एंड सर्विसेस टैक्स (GST) देशभर में लॉन्च हो गया। नरेंद्र मोदी और प्रणब मुखर्जी ने बटन दबाकर जीएसटी को लॉन्च किया। एक देश-एक टैक्स सिस्टम की शुरुआत संसद के स्पेशल सेशन से की गई जो शुक्रवार आधी रात को बुलाया गया। GST की लॉन्चिंग से कांग्रेस के बायकॉट के चलते पूर्व पीएम मनमोहन सिंह संसद नहीं पहुंचे। लेकिन मोदी ने इस टैक्स रिफॉर्म का क्रेडिट सभी दलों को दिया। उन्होंने कहा, ''GST किसी एक दल की उपलब्धि नहीं है। यह सांझी विरासत है। ...ये भी संयोग है कि गीता के 18 अध्याय थे और जीएसटी के लिए भी उसकी काउंसिल की 18 बैठकें हुईं। GST गुड एंड सिंपल टैक्स है।'' वहीं, प्रणब मुखर्जी ने कहा, "वर्षों पहले शुरू हुए लंबे सफर के पूरा होने का यह ऐतिहासिक मौका है।" बता दें कि आजाद भारत के इतिहास में यह चौथा मौका रहा जब सेंट्रल हॉल में मिडनाइट सेशन बुलाया गया। इससे पहले भी तीनों मौकों पर आधी रात को संसद बुलाई गई थी, लेकिन वह आजादी के जश्न के लिए थी। 70 साल में ऐसा पहली बार हुआ, जब किसी टैक्स रिफॉर्म के लिए आधी रात को संसद सत्र चला। मोदी की स्पीच की 5 बड़ी बातें...

1) नए चश्मे में आंखें एडजस्ट करनी पड़ती हैं
- "सभी सरकारों ने प्रयत्न किए लेकिन आजादी के 70 साल बाद भी हम गरीबों तक संसाधन नहीं पहुंचा पाए। अगर हम संसाधनों को सुव्यवस्थित ढंग से पहुंचाएं तो गरीबी दूर होगी। कभी-कभी आशंकाएं होती हैं कि कुछ भी नहीं होगा। हर किसी को टेक्नोलॉजी नहीं आती। हर परिवार में अगर 10वीं-12वीं का विद्यार्थी है तो उसे सब आता है। वह भी छोटे व्यापारी की मदद कर सकता है। कृपा करके आशंकाएं मत कीजिए। आप पुराने डॉक्टर से लगातार आंख चेक करवाते हों। वही आपका नंबर निकालता हो। चश्मा भी एक ही व्यक्ति से ही बनवाते हों और नया चश्मा आता हो तो एकाध दिन आंख ऊपर-नीचे एडजस्ट करनी पड़ती है।"
2) GST पर बेस्ट ब्रेन्स ऑफ द कंट्री ने काम किया
- ''संविधान का मंथन 2 साल 11 महीने और 17 दिन तक चला था। हिंदुस्तान के कोने-कोने से विद्वान उसमें हिस्सा लेते थे। विवाद होते थे। राजी-नाराजगी होती थी। सब मिलकर बहस करते थे। रास्ते खोजते थे। कभी इस पार, उस पार नहीं जा पाए तो बीच रास्ते पर चलने का प्रयास करते थे। ठीक उसी तरह से ये जीएसटी भी एक लंबी विचार प्रक्रिया परिणाम थे। सालों तक चर्चा होती रही। संसद में इसके पहले के भी सांसदों ने लगातार इस पर बहस की है। एक प्रकार से बेस्ट ब्रेन्स ऑफ द कंट्री ने लगातार यह काम किया है। उसी का नतीजा है कि आज इस GST को हम साकार रूप में देख सकते हैं।''
3) GST सभी राज्यों के मोतियों के एक धागे में पिरोने का काम
-''जब संविधान बना तो उसने देश के नागरिकों को समान अवसर, समान अधिकार के लिए सुनिश्चित व्यवस्था खड़ी की। आज GST सभी राज्यों के माेतियों को एक धागे में पिरोने और आर्थिक व्यवस्था को सुचारू लाने का प्रयास है। यह कोऑपरेटिव फेडरलिज्म की मिसाल है। यह टीम इंडिया के सामर्थ्य का परिचायक है। यह जीएसटी काउंसिल केंद्र और राज्य ने मिलकर उन व्यवस्थाओं को विकसित किया है, जिसने गरीबों के लिए पहले से उपलब्ध सारी सेवाओं को बरकरार रखा है।''
4) सेंट्रल हॉल में हमारे महापुरुषों की पावन यादें हैं
- "जीएसटी की घटना सिर्फ अर्थव्यवस्था लिए मायने रखती है, ये मैं नहीं मानता । अलग-अलग प्रक्रियाएं चली हैं, ये एक प्रकार से वो भारत के कोआपरेटिव फेडरेलिज्म का एक अवसर है। आप सबका आभार। जो रास्ता हमने तय किया है वो किसी एक सरकार या एक दल की सिद्धि नहीं है। ये सांझी विरासत है। रात्रि को 12 बजे हम इस सेंट्रल हॉल में इकट्ठा हुए हैं। यहां हमारे महापुरुषों की पावन यादें हैं। 9 दिसंबर 1946 को संविधान सभा की पहली बैठक का यह सभाग्रह साक्षी है। पहली बैठक में नेहरू, कलाम, अंबेडकर ये सब पहली कतार में बैठे हुए थे।"
5) सवा सौ करोड़ देशवासी इस घटना के साक्षी
- "राष्ट्र के निर्माण में कुछ ऐसे पल आते हैं, जिस पर हम किसी नए मोड़ पर जाते हैं। नए मुकाम की ओर पहुंचने का प्रयास करते हैं। आज मध्यरात्रि के समय हम सब मिलकर देश का आगे का मार्ग सुनिश्चित करने जा रहे हैं। कुछ देर बाद देश एक नई व्यवस्था की ओर चल पड़ेगा। सवा सौ करोड़ देशवासी इस घटना के साक्षी हैं। सरदार पटेल ने 500 रियासतों को एक किया था। जीएसटी 500 तरह के टैक्स खत्म कर देगा। अभी 17 टैक्स और 23 सेस खत्म हो रहे हैं।"
अरुण जेटली के बयान की 5 बड़ी बातें
1) पुराना भारत आर्थिक रूप से बंटा हुआ था
- अरुण जेटली ने इंट्रोडक्टरी स्पीच दी। उन्होंने कहा, "पुराना भारत आर्थिक रूप से बंटा हुआ था। नया इंडिया एक देश के लिए एक टैक्स, एक मार्केट का निर्माण करेगा।"
2) कोई फैसला लेने के लिए वोटिंग नहीं करवानी पड़ी
- अरुण जेटली ने कहा, "असीमदास गुप्ता ने मुझे इसके बारे में पहली शिक्षा दी थी। संसद और राज्यों ने सबकी सहमति से पास किया गया। जीएसटी काउंसिल की 18 बैठकें हुईं। किसी भी वक्त पर हमें कोई फैसला लेने के लिए वोटिंग नहीं करवानी पड़ी। 1211 कमोडिटीज पर टैक्स तय किए गए। आम और गरीब आदमी पर ज्यादा असर ना पड़े। मौजूदा टैक्स से ये सीखा गया कि किसी के ऊपर ज्यादा बोझ ना पड़े। 17 ट्रांजेक्शन टैक्स हैं। इन्हें खत्म कर अब सिर्फ एक टैक्स देना होगा।"
3) यूपीए ने 2006 में कहा कि 2010 में लागू करेंगे
-"विजय केलकर जी यहां मौजूद हैं, उन्होंने रिपोर्ट दी थी। यूपीए ने 2006 में कहा था कि 2010 में इसे लागू करेंगे। 2011 में इसके लिए संशोधन की बात हुई। स्टैंडिंग कमेटी ने कई सुझाव दिए थे। यशवंत सिन्हा यहां मौजूद हैं, वो इस कमेटी के चेयरमैन थे। कमेटी के उस फैसले का असर था कि केंद्र और राज्यों को साथ काम करने लिए मजबूर किया गया।"
4) GST में राजनीति को अहमियत नहीं दी गई
- "इसके लिए सभी दलों का सहयोग होगा। इसमें राजनीति को अहमियत नहीं दी गई। जीएसटी काउंसिल ने कहा- देश ने एक साथ मिलकर काम किया और मैच्योरिटी दिखाई। हम राज्यों के साथ मिलकर फैसले करेंगे। देश में बहुदलीय प्रथा है। राज्यों और केंद्र के अफसरों ने मिलकर सराहनीय काम किया। ये जो यात्रा थी, आप सबसे अहम गवाह हैं, जो 15 साल पहले शुरू हुई थी।"
5) ये देश के लिए ऐतिहासिक पल
- "ये देश के लिए एेतिहासिक पल है। ये देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। नए देश में एक टैक्स, एक मार्केट होगा। इसमें राज्य और केंद्र मिलकर काम करेंगे।"
प्रणब मुखर्जी ने क्या कहा?
- प्रणब मुखर्जी ने कहा, "भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता (मैच्यूरिटी) और समझदारी के लिए GST एक उपहार है। ये भारत के एक्सपोर्ट को ज्यादा कॉम्पेटेटिव बनाएगा और घरेलू इंडस्ट्री को उनके स्तर पर बढ़ने और इम्पोर्ट के लिए कम्पटीशन का मौका देगा। देश की आर्थिक क्षमता, कर अनुकूलता, घरेलू और विदेशी इन्वेस्टमेंट को बढ़ाने में GST बड़ा रोल निभाएगा। ये भी गौर करने लायक बात है कि जीएसटी काउंसिल की 18 बैठकें हुईं और उनमें सारे फैसले आम सहमति से लिए गए। ये मेरे लिए निजी खुशी का मौका है।"
बटन दबाकर लॉन्च किया गया GST
- रात 11.00 बजे से प्रोग्राम शुरू हुआ। अरुण जेटली, नरेंद्र मोदी और फिर प्रणब मुखर्जी ने स्पीच दी। इसके बाद 12 बजते ही नरेंद्र मोदी और प्रणब मुखर्जी ने बटन दबाकर GST को लॉन्च किया। पीएम ने इसे गुड एंड सिम्पल टैक्स बताया। GST की लॉन्चिंग क्लिप में भी यही लाइन हाईलाइट की गई। इवेंट में सुमित्रा महाजन, वाइस प्रेसिडेंट हामिद अंसारी, पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा, अमित शाह, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज और दूसरे सीनियर लीडर्स समेत एमपी मौजूद थे।
- रतन टाटा, अमिताभ बच्चन और लता मंगेशकर की दर्शक दीर्घा में मौजूद थे।
किसने किया विरोध?
- देवगौड़ा के साथ सरकार ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को भी मंच साझा करने का न्योता दिया था। लेकिन कांग्रेस ने इस इवेंट का बायकॉट कर दिया। कांग्रेस का कहना था कि सेंट्रल हॉल में आधी रात को होने वाला समारोह तमाशा है। यह आजादी के आंदोलन का अपमान है। अब तक सेंट्रल हॉल में आजादी का जश्न ही मनाया जाता रहा है। कांग्रेस के अलावा तृणमूल, डीएमके और लेफ्ट ने भी स्पेशल सेशन के बायकॉट किया।
आखिर क्या है GST, जिसके लिए हुआ इतना बड़ा इवेंट?
- GST का मतलब गुड्स एंड सर्विसेस टैक्‍स है। इसको केंद्र और राज्‍यों के 17 से ज्‍यादा इनडायरेक्‍ट टैक्‍स के बदले में लागू किया जाएगा। ये ऐसा टैक्‍स है, जो देशभर में किसी भी गुड्स या सर्विसेस की मैन्‍युफैक्‍चरिंग, बिक्री और इस्‍तेमाल पर लागू किया गया है।
- इससे एक्‍साइज ड्यूटी, सेंट्रल सेल्स टैक्स (सीएसटी), स्टेट के सेल्स टैक्स यानी वैट, एंट्री टैक्स, लॉटरी टैक्स, स्टैम्प ड्यूटी, टेलिकॉम लाइसेंस फीस, टर्नओवर टैक्स, बिजली के इस्तेमाल या बिक्री और गुड्स के ट्रांसपोर्टेशन पर लगने वाले टैक्स खत्म हो गए हैं।

Share This News :