Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मालवा, महाकोशल, बुंदेलखंड के बाद विंध्य में कांग्रेस का हल्लाबोल

भोपाल
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के गढ़ चुरहट में आज किसान पंचायत के जरिए सरकार पर हल्ला बोला। इस पंचायत में सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा गया कि पिछले तेरह सालों में झूठे वादों से सिर्फ किसान का छला गया है। महापंचायत में पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश, प्रदेशाध्यक्ष अरूण यादव के अलावा विंध्य से जुड़े अधिकांश कांग्रेस के विधायक मौजूद थे। चुरहट में लंबे समय बाद आज विंध्य के लोगों को नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया की कैमेस्ट्री देखने को मिली। यहां कल से हो रही बारिश के बावजूद अजय सिंह ने हजारों किसानों को जमा किया था। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सिंधिया दोपहर एक बजे सिंधिया चुरहट पहुंचे। यहां किसानों को संबोधित करते हुए अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सिर्फ जुमलेबाजी से चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेरह सालों से किसानों को छला जा रहा है। मालवा में किसानों ने अपना हक मांगने के लिए प्रदर्शन किया तो सरकार ने उन पर गोलियां चलवा दीं।  उन्होंने कहा कि किसान विरोधी इस सरकार को अब प्रदेश से उखाड़ना ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र में भी किसानों को लेकर कांग्रेस अपनी आवाज बुलंद करेगी। प्रदेशाध्यक्ष अरूण यादव ने कहा कि मंदसौर में गोली चलवाने के बाद सीएम ने उपवास की नौटंकी की इसका सारा सच अब जनता के सामने आ चुका है।

दोपहर बाद पहुंचेंगे मोहन प्रकाश
प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी मोहन प्रकाश दोपहर तीन बजे के आसपास चुरहट पहुंचेंगे। मोहन प्रकाश विमान से नई दिल्ली से चुरहट पहुंचेंगे। वे यहां किसान पंचायत और हल्ला बोल रैली में हिस्सा लेंगे।

सतना में हुआ सिंधिया का स्वागत...
चुरहट जाने के लिए आज सुबह ट्रेन से सतना पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्यातिरादित्य सिंधिया का भव्य स्वागत किया गया। सिंधिया जब सतना पहुंचे तब बारिश हो रही थी। सतना में कुछ देर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद वे सड़क मार्ग से चुरहट के लिए रवाना हो गए।

शिवराज में दम हो तो चुरहट में चुनाव लड़ें: अजय सिंह
इधर, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने एक बार फिर मुख्यमंत्री पर हमला बोला है। किसान पंचायत में अजय सिंह ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर शिवराज सिंह में दम हो तो वे चुरहट में उनके खिलाफ चुनाव लड़ कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के पाप का घड़ा भर गया है और पूरी कांग्रेस अब एक जुट है। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता में आने से अब कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि मप्र में किसान आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं।

Share This News :