Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
अवमानना केस पर अब तभी सुनवाई होगी, जब माल्या को कोर्ट में लाया जाएगा: SC

नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि अब विजय माल्या के अवमानना केस में सुनवाई तभी होगी जब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट ने ये भी बताया कि माल्या को वापस लाने के लिए यूके की कोर्ट में सुनवाई चल रही है। सुप्रीम कोर्ट ने मई में माल्या को अवमानना मामले में दोषी करार दिया था। कोर्ट के मुताबिक, माल्या ने अपने बच्चों को 4 करोड़ डॉलर (करीब 258 करोड़ रुपए) ट्रांसफर किए थे जो कोर्ट के ऑर्डर का वॉयलेशन है। इस बीच माल्या ने कहा है कि वे भारत को कतई मिस नहीं करते। मेरे करीबी इंग्लैंड में हैं या फिर अमेरिका में...


- न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक माल्या ने कहा, "मेरे लिए भारत को मिस करने जैसा कुछ नहीं है। मेरे ज्यादातर करीबी रिश्तेदार या तो इंग्लैंड में रहते हैं या फिर अमेरिका में। भारत में तो कोई नहीं है। मेरे कई रिश्तेदार भी यूके के सिटिजंस हैं। परिवार के लिहाज से मैं भारत को कतई मिस नहीं करता।" माल्या ने ये बातें ब्रिटिश ग्रां पी इवेंट के दौरान कहीं।
- माल्या ने ये भी कहा, "मैंने कुछ भी गलत नहीं किया। मैं तो खुश हूं कि मामला यूके कोर्ट में है, जहां पक्षपात नहीं होता। अब तो फैसले का इंतजार कर रहा हूं।"
- बता दें कि तमाम पाबंदियों के बावजूद माल्या लंदन में कई मौकों पर देखे जा चुके हैं। मई में हुई चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान वे भारत के मैचों के दौरान स्टेडियम में नजर आए थे। साथ ही उन्होंने टीम इंडिया के लिए ऑर्गनाइज किए गए प्रोग्राम में भी शिरकत की थी।

माल्या 2 ग्राउंड्स के दोषी
- सुप्रीम कोर्ट ने 9 मई को माल्या को अवमानना को दोषी करार दिया था। ये ऑर्डर बैंकों की ओर से दायर एक पिटीशन की सुनवाई के बाद आया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि माल्या ने ब्रिटिश फर्म Diageo से मिले 4 करोड़ डॉलर (करीब 258 करोड़) अपने बच्चों को ट्रांसफर किए थे। ये ज्यूडिशियल ऑर्डर का वॉयलेशन है।
- माल्‍या अभी यूके में हैं। भारत ने हाल ही में ब्रिटेन से माल्‍या के जल्‍द एक्स्ट्राडीशन के लिए कहा है।

सुप्रीम कोर्ट ने सुरक्षित रखा था फैसला
- सुप्रीम कोर्ट ने 9 मार्च को माल्‍या से एसेट्स के डिस्‍क्‍लोजर और अपने बच्‍चों को मनी ट्रांसफर करने की सच्‍चाई के बारे में पूछा था।
- कोर्ट ने बैंकों द्वारा माल्‍या के खिलाफ अवमानना पर कार्रवाई करने और Diageo डील से मिले 4 करोड़ डॉलर डिपॉजिट कराने के लिए आदेश देने संबंधी दो पिटीशन पर फैसला सुरक्षित रखा था।
- बैंकों का यह भी आरोप था कि माल्‍या ने तथ्‍यों को छुपाया है और अपने बेटे सिद्धार्थ माल्‍या और बेटी लीना माल्‍या व तान्‍या माल्‍या को पैसे डायवर्ट किये, जोकि कर्नाटक हाईकोर्ट द्वारा जारी किए गए आदेश का उल्‍लंघन है।
- कोर्ट ने बैंकों के कंसोर्टियम के सामने कई कई सवाल उठाए थे और पूछा था कि क्‍या माल्‍या के खिलाफ कोई आपराधिक कार्यवाही शुरू हुई है।

अप्रैल में लंदन में गिरफ्तार हुए थे माल्‍या
- विजय माल्या को पिछले महीने लंदन में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, तीन घंटे बाद उन्हें वेस्टमिंस्टर कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें जमानत मिल गई। इसके लिए उन्‍हें करीब 5 करोड़ रुपए का बेल बॉन्‍ड भरना पड़ा।
- स्‍कॉटलैंड वेस्‍टमिंस्‍टर की पुलिस के मुताबिक, माल्‍या खुद पुलिस के सामने हाजिर हुए थे। इसी दौरान उनको गिरफ्तार किया गया। माल्‍या पर मनी लॉन्ड्रिंग और लोन डिफॉल्‍ट के मामले चल रहे हैं।

Q&A में जानें, माल्या को क्यों सकती है सजा

Q: माल्या किसलिए दोषी करार दिए गए हैं?
A: सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की बेंच ने 9 मई को कहा था कि माल्या ने कोर्ट के आदेशों को न मानकर उसकी अवमानना की है। हम केंद्रीय गृह मंत्रालय और भारत सरकार को यह आदेश देते हैं कि वह 10 जुलाई को माल्या की कोर्ट में पेश करे।

Q: माल्या ने कोर्ट के ऑर्डर का वॉयलेशन कैसे किया?
A:सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि माल्या ने अपनी संपत्ति के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी। उन्होंने ब्रिटिश फर्म Diageo से मिले 4 करोड़ डॉलर (करीब 258 करोड़ रुपए) को अपने 3 बच्चों को ट्रांसफर किया था। कर्नाटक हाईकोर्ट ने पैसे ट्रांसफर नहीं करने का ऑर्डर दिया था।

Q: माल्या को क्या हो सकती है सजा?
A: अवमानना के दोषी करार किसी भी शख्स को अपना बचाव करने के लिए खुद कोर्ट में मौजूद रहना होता है। अवमानना के मामले में मैक्सिमम 6 महीने की जेल या 2000 रुपए से ज्यादा का जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है।

Q: बैंकों की पिटीशन पर SC ने क्या कहा था?
A: सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने कहा था, माल्या ने अवमानना याचिका पर अपना जवाब नहीं दिया, न ही कोर्ट में पेश हुए, लिहाजा उन्हें अवमानना का दोषी करार दिया जाता है। हमें लगता है कि माल्या को एक और मौका मिलना चाहिए और संभावित सजा पर उनकी दलीलें भी सुननी चाहिए।

Share This News :