Homeअपना शहर ,
कलेक्टर, एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश

कलेक्टर डा संजय गोयल ने कहा है कि दुर्गा विर्सजन और ताजियों के जुलूस के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की चूक न होने पाये । कार्यपालिक मजिस्ट्रेट , पुलिस व नगर निगम का अमला पूर्ण तत्परता और दूरदर्शिता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करें । यह बात उन्होंने रविवार को पुलिस अधीक्षक श्री हरिनारायणचारी मिश्रा और आयुक्त नगर निगम श्री अनय द्विवेदी, एडीएम श्री शिवराज वर्मा, एडीशनल एसपी दिनेश कौशल, एसडीएम रिंकेश वैश्य कमांडेंड होमगार्ड श्री अनिल सूद के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुये कही ।
प्रशासनिक अमले की टीम ने आज दोपहर लगभग 4 घंटे शहर के उन सभी स्थानों , रास्तों का बारीकी से मुआयना किया जहां से दुर्गा उत्सव, राम जुलूस, रावण दहन, कत्ल की रात और मोहर्रम के दिन 12 अक्टूबर को ताजियों का जुलूस निकलेगा। प्रशासन की टीम ने सागर ताल की व्यवस्था का भी जायजा लिया ।
कलेक्टर डा गोयल ने कहा कि ग्वालियर जिला प्रशासन स्थानीय नागरिकों की मदद और सहयोग से दशहरा और मोहर्रम के त्यौहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण से संपन्न कराने में मदद करेगा । प्रशासन द्वारा सभी मार्गों पर प्रकाश, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने व्यवस्था में लगे अधिकारी कर्मचारिों को निर्देश दिये कि 10, 11 और 12 अक्टूबर को मुख्यालय से बाहर नहीं जायेंगें , साथ ही अपने मोबाइल सेट फुल बेट्री के साथ चार्ज रखेंगें ।
कलेक्टर डा गोयल के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने महाराज बाड़ा, छत्री मंडी से जीवाजी गंज, हनुमान चौराहा, नई सड़क, गस्त का ताजिया से अचलेश्वर और बहोड़ापुर से सागरताल तक के मार्ग का भी अवलोकन किया । उन्होंने सभी मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश आयुक्त नगर निगम को दिये, इसके साथ कत्ल की रात 11 तारीख को महाराज बाड़ा पर पेयजल की व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिये हैं । बहोड़ापुर से सागरताल तक के रास्ते को और सुगम बनाने और सागरताल पर प्रभावी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिये ।
पुलिस अधीक्षक श्री मिश्रा ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा त्यौहारों में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने के लिये एक हजार जवान तैनात किये गये है । इसके साथ एडीशनल एसपी, सीएसपी सहित विशेष शाखा के जवान भी लगाये गये हैं, पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न विभाग वन, लोक निर्माण , नगर निगम , नगर रक्षा समिति सहित निजी सुरक्षा एजेन्सी के भी 850 विशेष पुलिस अधिकारी तैनात किये जा रहे हैं, जो पुलिस की मदद करेंगें ।
श्री मिश्रा ने कहा कि पुलिस बल व्यवस्थाओं को बनाये रखने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा साथ ही संदिग्ध और असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटेगा । इसके लिये पुलिस अधिकारियों को फ्री हैंड दिया गया है। पुलिस द्वारा थानावार संदिग्ध और असामाजिक तत्वों की पूर्व से ही पहचान कर ली गई है।

कन्ट्रोल रूप स्थापित : सागरताल व बाड़े पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे

जिला प्रशासन द्वारा सम्पूर्ण व्यवस्थाओं पर निगराने रखने के लिये पुलिस कन्ट्रोल रूम के अतिरिक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय में भी कन्ट्रोलरूम स्थापित किया गया है। इसके साथ ही 10 और 11 अक्टूबर को रात्रि में गोरखी कार्यालय में भी कन्ट्रोल रूम संचालित किया जायेगा ।
कलेक्टर डा संजय गोयल ने सागरताल , महाराजबाड़ा सहित संवेदनशील क्षेत्र में 10 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक के लिये सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश आयुक्त नगर निगम को दिये हैं । उन्होंने कहा कि आपागंज, सेवानगर, गोलमोहल्ला, बहोड़ापुर चौराहा पर पर्याप्त मात्रा में कैमरे लगाये जायें, जिससे पुलिस कन्ट्रोलरूम से ही संदिग्ध व्यक्ति और वस्तुओं पर नजर रखी जा सकेगी ।

Share This News :