Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
कश्मीर में माहौल बिगाड़ने में बाहरी ताकतों का हाथ, चीन भी इसमें शामिल: महबूबा

नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को दिल्ली में होम मिनिस्टर राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने राज्य की कानून व्यवस्था और अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा के मसले पर चर्चा की। मीटिंग के बाद महबूबा ने कहा, "कश्मीर के हालात बिगाड़ने में बाहरी ताकतों का हाथ है, अब तो चीन ने भी इसमें हाथ डालना शुरू कर दिया है।" बता दें कि 10 जुलाई की रात अनंतनाग में आतंकियों ने अमरनाथ यात्रियों की बस पर हमला किया था। इसमें 5 महिलाओं समेत 7 यात्रियों की मौत हो गई थी। जब तक सभी पॉलिटिकल पार्टीज साथ नहीं देतीं, तब तक ये जंग नहीं जीती जा सकती...

- न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राजनाथ सिंह और महबूबा मुफ्ती के बीच करीब आधे घंटे बातचीत हुई। बाद में महबूबा ने कहा, "मुझे खुशी है कि पॉलिटिकल पार्टीज एकजुट हो गई हैं। कश्मीर की समस्या का खुलकर साथ मुकाबला कर रहे हैं।"
- सीएम ने कहा, "ये जो लड़ाई हो रही है, जिसमें बाहर की ताकतें शामिल हैं। अब तो बीच में चीन ने भी इसमें हाथ डालना शुरू कर दिया है। कश्मीर में हम कानून व्यवस्था की लड़ाई नहीं लड़ रहे। जब तक पूरा मुल्क, पॉलिटिकल पार्टीज साथ नहीं देतीं, तब तक ये जंग नहीं जीती जा सकती।"
चीन ने कश्मीर मुद्दे पर क्या कहा था?
- दरअसल, चीन के विदेश मंत्रालय के स्पोक्सपर्सन गेंग शुआन्ग ने 12 जुलाई को कहा था, "भारत-पाकिस्तान साउथ एशिया के अहम देश हैं और इनके बीच कश्मीर में एलओसी पर जारी विवाद से इलाके की शांति और विकास को खतरा है। चीन इस मुद्दे को हल करने के साथ दोनों देशों के बीच रिश्ते बेहतर कराने में मदद के लिए तैयार है।"
- हालांकि भारत ने कश्मीर मसले पर पाकिस्तान से बातचीत के लिए चीन की मदद की पेशकश ठुकरा दी थी। भारतीय विदेश मंत्रालय के स्पोक्सपर्सन गोपाल बागले ने 13 जुलाई को कहा था, "इस मुद्दे पर हम किसी का दखल नहीं चाहते। भारत-पाकिस्तान से बातचीत चाहता है, लेकिन बाइलेटरल फ्रेमवर्क के तहत। इसलिए, हम पाकिस्तान के साथ कश्मीर समेत सभी मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने को लेकर अपने रुख पर कायम हैं।"
अमरनाथ हमले की जांच के लिए SIT बनी
- इस बीच, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अमरनाथ यात्रियों पर हमले की घटना की जांच के लिए 6 मेंबर्स वाली स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम (एसआईटी) बनाई है।
- आईजीपी (कश्मीर रेंज) मुनीर अहमद खान ने बताया कि एसआईटी हमले की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। इस मामले में पुलिस ने पीडीपी एमएलए अजाज अहमद मीर के ड्राइवर तौसीफ अहमद को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हमले में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में 2 अन्य को अरेस्ट भी किया गया है।
- बता दें कि अमरनाथ यात्रियों की बस पर 10 जुलाई की रात को हुए हमले में 7 यात्रियों की मौत हो गई थी। 15 तीर्थयात्री जख्मी भी हुए थे। हमले के शिकार 3 यात्री गुजरात, 2 दमन और 2 महाराष्ट्र के थे। सभी यात्रा पूरी कर जम्मू लौट रहे थे।
- फिलहाल, 21 हजार पैरामिलिट्री पर्सनल, स्टेट पुलिस के जवान और आर्मी की 2 बटालियन श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।
SIT इन बिंदुओं पर करेगी जांच
- आतंकवादी राजमार्ग पर कैसे पहुंचे?
- हथियारों के साथ आतंकवादियों को गाड़ी अवलेबल कराने वाले लोग कौन थे?
- आतंकियों को भागने में किसने मदद दी?
- श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कहां चूक हुई?

1.86 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं बाबा बर्फानी के दर्शन
- अमरनाथ यात्रा 29 जून को शुरू हुई थी, जो 40 दिन तक चलेगी। इस दौरान श्रद्धालु जम्मू से बालटाल के रास्ते अमरनाथ गुफा तक जाते हैं। इस साल 2.30 लाख लोगों ने इस यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
- शुक्रवार को 4100 से ज्यादा श्रद्धालुओं का नया जत्था जम्मू स्थित आधार शिविर भगवती नगर से रवाना हुआ। इस सालाना यात्रा में इस बार अब तक 1.86 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

Share This News :