Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
वेंकैया नायडू होंगे NDA के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार, कल नॉमिनेशन भरेंगे

नई दिल्ली.वेंकैया नायडू एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार होंगे। सोमवार शाम को बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड की मीटिंग के बाद अमित शाह ने खुद उनके नाम का एलान किया। मीटिंग में नरेंद्र मोदी, अमित शाह और सुषमा स्वराज समेत कई सीनियर लीडर मौजूद थे। मंगलवार (18 जुलाई) को नॉमिनेशन की आखिरी तारीख है। बता दें कि नए उप राष्ट्रपति के लिए चुनाव 5 अगस्त को होगा। उसी दिन वोटों की गिनती भी की जाएगी। मौजूदा उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी का टेन्योर 10 अगस्त को खत्म हो रहा है। कांग्रेस समेत विपक्ष की 18 पार्टियों ने गोपालकृष्ण गांधी को उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। शाह ने और क्या बताया...

अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया- "एनडीए के सभी साथियों से चर्चा के बाद ये फैसला किया गया है कि वेंकैया नायडू उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे। वो 1970 से सार्वजनिक जीवन में रहे। जेपी मूवमेंट के दौरान दक्षिण के अहम नेता रहे। भाजयूमो के अध्यक्ष रहे। दो बार पार्टी प्रेसिडेंट रहे।"
- " 25 साल ज्यादा संसदीय कार्य का अनुभव है। वो बचपन से ही पार्टी से जुड़े हुए हैं। हमारी सभी सहयोगी पार्टियों ने उनके नाम का समर्थन किया है। कल नॉमिनेशन फाइल करेंगे।"
- "अपोजिशन ने अपना नाम डिक्लेयर कर दिया है। इसलिए सर्वानुमति की गुंजाइश नही हैं। कल 11 बजे वो नॉमिनेशन फाइल करेंगे। कई नाम होते हैं लेकिन आखिरकार वेंकैया जी के नाम पर मुहर लगी है।"
बीजेपी ने वेंकैया को क्यों चुना?
- बीजेपी ने उन राज्यों से उम्मीदवार का चयन किया है, जहां पारंपरिक तौर पर उसका वोट बैंक कमजोर है। पार्टी प्रेसिडेंट अमित शाह ने ऐसी संभावनाओं वाले राज्यों के तौर पर आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना और वेस्ट बंगाल की पहचान की थी।
- इससे पहले बीजेपी ने राष्ट्रपति पद के लिए दलित कम्युनिटी के रामनाथ कोविंद को उम्मीदवार बनाकर सभी को चौंका दिया था।
इन तीन नाम की थी चर्चा
- एम. वेंकैया नायडू: मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री हैं। वाजपेयी सरकार में भी मंत्री थे। आंध्र प्रदेश से हैं और उदयगिरी से सांसद हैं।
- सी. विद्यासागर राव: अभी महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। तेलंगाना से बीजेपी के सीनियर नेता राव वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। आरएसएस भी सपोर्ट में।
- ओ. राजगोपाल:केरल में बीजेपी के सीनियर नेता और इकलौते विधायक। ये भी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।
विपक्ष के उम्मीदवार गोपालकृष्ण गांधी
- कांग्रेस समेत विपक्ष की 18 पार्टियों ने गोपालकृष्ण गांधी को उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। गोपालकृष्ण महात्मा गांधी के पोते हैं। वे मंगलवार को अपना नॉमिनेशन फाइल करेंगे।
कल भी हुई थी बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड की मीटिंग
- बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड की मीटिंग रविवार को भी हुई थी। जिसमें अन्य मुद्दों के अलावा उप राष्ट्रपति चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। मीटिंग में नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, अनंत कुमार, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी समेत कई पार्टी सांसद मौजूद रहे।
साम्प्रदायिक सोच वालों के भरोसे देश नहीं छोड़ सकते: सोनिया
- रविवार को कांग्रेस की अगुआई में अपोजिशन की भी मीटिंग हुई, जिसमें राष्ट्रपति-उप राष्ट्रपति चुनाव पर स्ट्रैटजी को लेकर चर्चा हुई। मीटिंग में सोनिया गांधी ने कहा, "इस चुनाव में आंकड़े हमारे खिलाफ हो सकते हैं, लेकिन हमें मजबूती से लड़ाई लड़नी चाहिए। देश-समाज को संकट से निकालने के लिए मीरा कुमार और गोपालकृष्ण गांधी को राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति बनाएंगे।"
- सोनिया ने ये भी कहा, "राष्ट्रपति-उप राष्ट्रपति देश के संवैधानिक हेड होते हैं। संविधान और कानून की रक्षा का जिम्मा इनके पास होता है। हम ओछी साम्प्रदायिक सोच रखने वालों के भरोसे देश नहीं छोड़ सकते।"
कौन हैं गोपालकृष्ण गांधी?
- 71 साल के गोपाल कृष्ण गांधी का जन्म 22 अप्रैल 1946 को हुआ। उनके पिता देवदास महात्मा और कस्तूरबा गांधी के सबसे छोटे बेटे थे। मां का नाम लक्ष्मी था और वो फ्रीडम फाइटर तथा कांग्रेस के सीनियर लीडर सी. राजगोपालाचारी की बेटी थीं।
- गोपालकृष्ण 1968 में आईएएस बने। 2004 से 2009 के बीच वो वेस्ट बंगाल के गवर्नर रहे। ये वो दौर था जब 294 मेंबर्स वाली असेंबली में अकेले लेफ्ट के 235 विधायक थे। इसी दौरान बंगाल में सिंगूर और नंदीग्राम जैसे हिंसक आंदोलन हुए।
- 2008 में जब सिंगूर हिंसा की आग में जल रहा था तब गोपालकृष्ण गांधी ही थे जिन्होंने बुद्धदेव भट्टाचार्य और ममता को बातचीत के लिए राजी किया।
- लेफ्ट की ताकत बंगाल में कम होती गई और ममता बनर्जी नई ताकत के तौर पर सामने आईं।
- गांधी सेंट स्टीफंस कॉलेज से निकले हैं। आईएएस बनने के बाद 80 के दशक तक वो तमिलनाडु में तैनात रहे। 1985 से 1987 तक वो वाइस प्रेसिडेंट के सेक्रेटरी रहे। अगले पांच साल तक वो प्रेसिडेंट के ज्वॉइंट सेक्रेटरी रहे।
- 1992 से 2003 तक वो कई डिप्लोमैटिक पोस्ट्स पर रहे। 1996 में साउथ अफ्रीका में इंडियन हाईकमिश्नर, 1997 से 2000 तक प्रेसिडेंट के सेक्रेटरी, 2000 में श्रीलंका में हाईकमिश्नर रहे। 2002 के बाद गांधी नॉर्वे और आयरलैंड में एम्बेसडर रहे।
- गोपालकृष्ण गांधी की पत्नी का नाम तारा है। उनकी दो बेटियां हैं।

Share This News :