Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
PoK भारत का हिस्सा, PAK ने किया कब्जा, वहां के मरीज को वीजा देंगे: सुषमा

नई दिल्ली. विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि पीओके भारत का अभिन्न (इंटीग्रल) हिस्सा है। पाकिस्तान ने इस पर गैर-कानूनी तरीके से कब्जा कर रखा है। हम वहां के शख्स को वीजा दे रहे हैं। बता दें कि पीओके में रहने वाले 24 साल के एक मरीज ने स्वराज से मेडिकल वीजा देने की गुहार लगाई थी। उसे लिवर में ट्यूमर है और वह दिल्ली में अपना इलाज करवाना चाहता है। जाधव की मां को वीजा देने से पाक ने किया था मना...

- भारत ने नियम लागू किया है कि पाकिस्तान के किसी मरीज को भारत से मेडिकल वीजा चाहिए तो उसे नवाज के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज की मंजूरी वाला लेटर लेना होगा।
- इस पर सुषमा ने ट्वीट किया है कि यह नियम पीओके के लोगों पर लागू नहीं होगा, क्योंकि पीओके भारत का अभिन्न हिस्सा है।
- बता दें कि पीओके में रहने वाले 24 साल के ओसामा अली को लिवर में ट्यूमर है। दिल्ली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टरों का कहना है कि उसका लिवर ट्रांसप्लांट करना होगा।
PAK की कैंसर पीड़ित महिला ने भी मांगा था वीजा
- PAK की कैंसर पीड़ित महिला फैजा तनवीर (25) ओरल ट्यूमर (रीकरंट अमेलोब्लास्टोमा) से पीड़ित है, उसने सुषमा को ट्वीट किया- मैम, मेरी जिंदगी बचाने के लिए प्लीज मदद करिए।
- तनवीर ने अपने इलाज के लिए गाजियाबाद के इंद्रप्रस्थ डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को 10 लाख रुपए एडवांस में दिए। लेकिन, इस्लामाबाद में इंडियन हाई कमीशन ने उसकी वीजा एप्लीकेशन रिजेक्ट कर दी।
इस पर सुषमा ने क्या लिखा था ट्वीट में?
- सुषमा ने पिछले सोमवार को ट्वीट किया था, "अवंतिका जाधव (कुलभूषण की मां) अपने बेटे से मिलना चाहती है, जिसे पाकिस्तान ने मौत की सजा सुनाई है। मैंने सरताज अजीज (PAK फॉरेन अफेयर्स एडवाइजर) को पर्सनल लेटर लिखकर कुलभूषण की मां को वीजा देने की बात कही। उन्होंने लेटर पर ध्यान देने की जरूरत भी नहीं समझी।"
- उन्होंने ट्वीट किया, "उन सभी पाकिस्तानी नागरिकों के लिए मेरे दिल में संवेदनाएं हैं, जो भारत में इलाज के लिए वीजा चाहते हैं। मुझे यकीन है कि सरताज अजीज भी अपने देश के लोगों के बारे में सोच रहे होंगे।"
मैं भरोसा दिलाती हूं, PAK नागरिकों को वीजा मिलेगा- सुषमा
- सुषमा ने ट्वीट में आगे लिखा, "सरताज अजीज को केवल इतना करना है कि पाकिस्तानी नागरिकों को मेडिकल वीजा दिए जाने को मंजूरी दे दें। मुझे ऐसा कोई कारण नहीं समझ में आता है, जिसकी वजह से वे अपने ही लोगों को इजाजत देने से हिचक रहे हैं।"
- "मैं पाकिस्तानी नागरिकों को भरोसा दिलाती हूं कि सरताज अजीज की मंजूरी के साथ जिन्होंने वीजा एप्लीकेशन के लिए अप्लाई किया है, उन्हें हम तुरंत वीजा की मंजूरी देंगे।"
सुषमा स्वराज ने पाकिस्तानी बच्चे की मदद की थी
- भारत ने दिल की बीमारी से जूझ रहे एक पाकिस्तानी बच्चे को हाल ही में मेडिकल जारी किया था। बच्चे की उम्र महज ढाई महीने है। उसके पिता ने 24 मई को सुषमा स्वराज से टि्वटर के जरिए मेडिकल वीजा देने की गुहार लगाई थी। बच्चे के पिता ने सुषमा को शुक्रिया कहते हुए ट्विटर पर बेहद भावुक अंदाज में लिखा- तमाम दिक्कतों के बावजूद इंसानियत जीत गई।
मेडिकल वीजा के लिए भारत पर डिपेंड PAK
- पहले साउथ एशियाई देशों के ज्यादातर पेशेंट्स मेडिकल वीजा के लिए सिंगापुर या थाईलैंड का रुख करते थे। लेकिन, बीते कुछ साल से भारत में मेडिकल फैसिलिटीज में जबरदस्त सुधार हुआ। अब एशियाई देशों के ज्यादातर पेशेंट्स इलाज के लिए भारत को तवज्जो देते हैं।
- दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में हर महीने करीब 500 पाकिस्तानी पेशेंट्स इलाज के लिए आते हैं। इनमें लीवर ट्रांसप्लांट के पेशेंट्स भी होते हैं। अपोलो में इस पर करीब 30 लाख रुपए खर्च होता है जबकि यूरोप या बाकी देशों में खर्च छह से सात गुना ज्यादा होता है। दूसरी बात, भाषा की भी ज्यादा दिक्कत नहीं आती।
- दो साल पहले भी जब सरहद पर हालात खराब थे, भारत ने बस्मा नाम की पाकिस्तानी बच्ची को इमरजेंसी मेडिकल वीजा दिया था।

Share This News :