Homeअपना शहर ,
कन्या भ्रूण हत्या को प्रोत्साहित करने वालों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा – कलेक्टर डॉ. गोयल तीन चिकित्सकों और संस्था के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि कन्या भ्रूण हत्या को प्रोत्साहित करने वाले चिकित्सकों और संस्थाओं से जिला प्रशासन कड़ाई से निपटेगा। इसी कडी में पीसी-पीएनडीटी एक्ट के अंतर्गत जिले के जिन तीन चिकित्सकों के विरूद्ध न्यायालय में प्रकरण दर्ज करा दिए गए हैं। उनके पंजीयन निरस्त करने का प्रस्ताव पुन: ऑल इंडिया मेडीकल काउन्सिल को भेजे जाने तथा इन्दिरा आईव्हीएफ हॉस्पिटल प्रा.लि. इंदौर द्वारा संदेहास्पद तस्वीर का विज्ञापन प्रकाशित करने पर इस संस्था को भी नोटिस दिए जाने का निर्णय जिला स्तरीय पीसी-पीएनडीटी एक्ट सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया। बैठक कलेक्टर डॉ. संजय गोयल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि पीसी-पीएनडीटी एक्ट का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा। इसी के तहत शहर के तीन संध्या नर्सिंग होम की संचालक डॉ. संध्या तिवारी, त्रिवेदी नर्सिंग होम की संचालक डॉ. सुषमा त्रिवेदी और सुरेश मेमोरियल क्लीनिक के चिकित्सक डॉ. एस के श्रीवास्तव का पंजीयन निरस्त करने के लिये प्रस्ताव काउन्सिल को पुन: भेजा जाए।

बैठक में इन्दिरा आईव्हीएफ हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड नागपुर व इंदौर द्वारा ग्वालियर के एक समाचार पत्र में प्रकाशित कराए गए विज्ञापन में समिति के सदस्यों को यह आपत्ति थी कि नि:संतान दम्पत्तियों के इलाज पर केन्द्रित इस विज्ञापन में प्रदर्शित बच्चे की तस्वीर बेटे जैसी दिखाई दे रही है, जो पीसी-पीएनडीटी एक्ट का उल्लंघन है। इसलिये इस हॉस्पिटल को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत अच्छा कार्य करने वाली स्वयं सेवी संस्थाओं की एक कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि ब्राण्ड एम्बेसडर के रूप में चयनित बालिकाओं को उनकी जरूरत के अनुसार बड़े औद्योगिक समूह और संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर मदद दिलाए जाने के प्रयास भी किए जायेंगे।

बैठक में पीसी-पीएनडीटी जिला स्तरीय कमेटी की सलाहकार समिति की सभापति  डॉ. अनीता श्रीवास्तव तथा समिति के सदस्यगण डॉ. अमृता मेहरोत्रा, डॉ. व्ही. के. कुंदवानी, डॉ. पंकज यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन  व सिविल सर्जन डॉ. डी डी शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :