Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
JCB से खोदा महात्मा गांधी और कस्तूरबा का स्मारक, ले गए अस्थि कलश

इंदौर। सरदार सरोवर बांध के डूब प्रभावित इलाके में बड़वानी में गांधी स्मारक को हटाने को लेकर बड़ा विवाद हो गया है। पुलिस और प्रशासन के अमले ने गुरुवार अल सुबह 3 बजे नर्मदा तट पर बने राजघाट में पहुंचकर स्मारक की खुदाई कर गांधीजी, कस्तूरबा और महादेव के अस्थि कलश निकालकर ले गए। सूचना मिलने पर नर्मदा बचाओ आन्दोलन की मेधा पाटकर सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने राजघाट पर धरना और प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उनका आरोप है कि प्रशासन गांधी जी के अस्थि कलशों का अपमान किया है।
- मिली जानकारी अनुसार गुरूवार सुबह करीब 3 बजे प्रशासन का अमला जेसीबी और डंपर बड़वानी से 5 किलोमीटर आगे राजघाट पर पहुंचा और खुदाई शुरू कर दी। यहां बापू, कस्तूरबा और गांधीजी के शिष्य महादेव भाई देसाई के अस्थि कलश रखे है।

- प्रशासनिक अधिकारी बापू , कस्तूरबा और महादेव भाई के अस्थि कलश बड़े ही अपमानजनक ढंग से जेसीबी में उठाकर गाडी में रख रहे थे यह देख लोग जबरदस्त विरोध पर उतारू हो गए। लोगों के विरोध को देखकर एकबार प्रशासन का अमला राजघाट से वापस चला गया लेकिन थोड़ी देर बाद प्रशासन का दल भारी पुलिस फ़ोर्स के साथ पहुंचा और लोगों को बलपूर्वक हटाते हुए तीनों के अस्थि कलश लेकर रवाना हो गया।
राजघाट पर हंगामा मचा
- पूर्व में यह तय हुआ था कि राजघाट पर बनी समाधि का निर्माण डूब क्षेत्र से बाहर निर्धारित स्थल पर करने के बाद अस्थि कलश वहां रखे जाएंगे। इसके लिए तत्कालीन कलेक्टर चंद्रहास दुबे ने स्थान तय कर दिया था लोगों का कहना है कि अभी उस स्थान पर निर्माण जारी है।
- बड़वानी कलेक्टर तेजस्वी नायक ने मेघा पाटकर सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार हमें 31 जुलाई के पहले डूब क्षेत्र को खाली करवाना है। उन्होंने बताया कि किसी भी मंदिर और स्मारक के विस्थापन के लिए शासन स्तर पर स्पष्ट प्रावधान हैं। इसके तहत राजघाट पर बने पवित्र स्मारक के विस्थापन के लिए एक समिति बनाई गई थी। इस समिति की रिपोर्ट के आधार पर विस्थापन किया गया।
- उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े चार बजे ब्रह्म मुहूर्त होने के कारण यह समय चुना गया था। स्मारक का विस्थापन अस्थाई रूप से एनवीडीए द्वारा निर्धारित जगह पर पूरे सम्मान के साथ किया गया है। समिति की सिफारिश के अनुसार पक्का स्मारक बनाने के लिए शासन से अतिरिक्त फंड की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। उन्होंने कचरे की गाड़ी की बात से भी इनकार किया और कहा कि हमारे लिए सिर्फ कलश ही नहीं उस जगह की मिट्टी पवित्र है। चूंकि कलश सीमेंट कांक्रीट के चबूतरे में था इसलिए जेसीबी से उठाया गया, लेकिन कचरे की गाड़ी से नहीं बल्कि एनडीआरएफ की टीम ने अपनी गाड़ी से उसे उठाया।
तीन महान लोगों का एक साथ स्मारक

- संभवत: देश में बड़वानी में नर्मदा नदी के तट पर स्थित एकलौता ऐसा स्थान होगा, जहां तीन महान लोगों की एक साथ समाधि है। यहां गांधीवादी काशीनाथ त्रिवेदी तीनों महान विभूतियों की देह-राख जनवरी 1965 में लाए थे और समाधि 12 फरवरी, 1965 को बनकर तैयार हुई थी। इस स्थल को राजघाट नाम दिया गया। त्रिवेदी ने इस स्थान को गांधीवादियों का तीर्थ स्थल बनाने का सपना संजोया था। यहां एक संगमरमर का शिलालेख लगा है, जिसमें 6 अक्टूबर, 1921 में महात्मा गांधी के 'यंग इंडिया' में छपे लेख का अंश दर्ज है। इसमें लिखा है, ''हमारी सभ्यता, हमारी संस्कृति और हमारा स्वराज अपनी जरूरतें दिनोदिन बढ़ाते रहने पर, भोगमय जीवन पर, निर्भर नहीं करते, परंतु अपनी जरूरतों को नियंत्रित रखने पर, त्यागमय जीवन पर, निर्भर करते हैं।
इसलिए हटाया
- गुजरात में सरदार सरोवर बांध की ऊंचाई बढ़ाकर 138 मीटर की गई है और उसके सारे गेट 31 जुलाई तक पुनर्वास के बाद बंद होना है, इसके चलते मध्यप्रदेश में नर्मदा घाटी के 192 गांव और एक नगर पानी में डूब जाएंगे। इसी कारण स्मारक को यहां से हटाया गया है।

Share This News :