Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
मिलिए उन जज साहब से जिन्होंने राम रहीम को ठहराया दोषी

चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को अपनी साध्वी के साथ रेप का दोषी पाया गया है। सीबीआई कोर्ट पंचकूला के न्यायाधीश जगदीप सिंह ने यह फैसला सुनाया है। जगदीप सिंह को पिछले साल ही सीबीआई के विशेष जज के तौर पर नियुक्त किया गया था। जगदीप सिंह को न्यायप्रिय, सक्षम, कठोर और वाजिब रवैये वाले अधिकारी के तौर पर जाना जाता है।

जगदीप सिंह हरियाणा के रहने वाले हैं। वह 2012 में हरियाणा न्यायिक सेवा में आए थे। उनकी पहली तैनाती सोनीपत में हुई थी। उनकी दूसरी पोस्टिंग सीबीआई कोर्ट में की गई, जो कि हाई कोर्ट प्रशासन द्वारा लंबे विचार-विमर्श और निरीक्षण के बाद उन्हें मिली।

अमूमन सीबीआई कोर्ट जज नियुक्ति की प्रक्रिया आसान नहीं होती, लेकिन जगदीप सिंह की काबिलियत के चलते ही उन्हें हाई कोर्ट प्रशासन ने एक ही पोस्टिंग के बाद सीबीआई कोर्ट की जिम्मेदारी सौंप दी। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से 2000 में कानून की डिग्री ली।

यूनिवर्सिटी के दिनों से जगदीप को जानने वाले कहते हैं कि वे कॉलेज के समय में बेहद प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं। न्यायिक सेवा में आने से पहले जगदीप सिंह पंजाब और हरियाणा कोर्ट में वकालत करते थे। वह 2000 और 2012 में कई सिविल और क्रिमिनल केस लड़ चुके हैं।

जगदीप सिंह सितंबर 2016 में सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने एक हादसे में घायल हुए चार लोगों को बचाया था। जगदीप सिंह जींद से पंचकूला जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक हादसा हुआ, जिसमें चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। जगदीप सिंह ने घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के लिए फोन किया।

उन्हें जानकारी दी गई कि एंबुलेंस आने में समय लग सकता है। ऐसे में जगदीप निजी वाहन के जरिए घायलों को लेकर खुद अस्पताल पहुंचे थे।

Share This News :