Homeदेश विदेश ,खास खबरे,slider news,
Time Magazine की दुनिया के 100 प्रभावी लोगों की सूची में ये भारतीय शामिल, देखें सभी नाम

न्यूयार्क। अमेरिका की प्रतिष्ठित टाइम मैग्जीन ने दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों के नामों की सूची जारी की है। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और भारत में LGBTQ के अधिकारों की कानूनी जंग जिताने वाली जनहित याचिकाकर्ता अरुंधति काटजू व मेनका गुरुस्वामी के नाम भी शामिल हैं। अमेरिकी मैग्जीन ने बुधवार को टाइम ने 100 Most Influencial Peoples 2019 लिस्ट जारी करते हुए बताया कि इसमें दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेता, उद्योगपति, कलाकार और प्रतिष्ठित लोग शामिल हैं।

इस सूची में भारतीय-अमेरिकी हास्य कलाकार और TV एंकर हसन मिन्हाज, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रसिद्ध गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स, अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा, पोप फ्रांसिस, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान, अमेरिकी अभिनेत्री लेडी गागा, अबूधाबी के युवराज मुहम्मद बिन जायद और फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग के नाम भी शामिल हैं।

टाइम की 100 हस्तियों में से एक मुकेश अंबानी के बारे में अमेरिकी पत्रिका में भारतीय कंपनी महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने लिखा है कि अंबानी के पिता धीरूभाई भारत के दूरदर्शी कारोबारी थे। उनकी स्थापित की हुई कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज अब पूरे विश्व की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। लेकिन अब उनके बेटे मुकेश अंबानी का नजरिया और ज्यादा महत्वाकांक्षी है। उनके रिलायंस जियो मोबाइल डाटा नेटवर्क से भारत में पहले ही 28 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं। इतना सस्ता 4जी निश्चित रूप से हर पैमाने पर खरा उतरा है।

इसी तरह, फिल्म एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने काटजू और गुरुस्वामी की प्रोफाइल लिखते हुए कहा कि भारत में LGBT समुदाय के लोगों को बराबरी का हक दिलवाने का काम इन दोनों ने किया है। समलैंगिक याचिकाकर्ताओं की ओर से यह केस लड़ते हुए इन दोनों महिलाओं ने इस समूह के वकीलों का नेतृत्व किया है।

 

 

Share This News :