Homeखेल ,
दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप का उच्चतम स्कोर बनाया, मार्करम ने जड़ा विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक

भारत में जारी वनडे विश्व कप के चौथे ही मैच में रिकॉर्ड्स की झड़ी लग गई। दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 428 रन बनाकर कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। यह विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था। उन्होंने 2015 विश्व कप में पर्थ में अफगानिस्तान के खिलाफ 50 ओवर में सात विकेट पर 417 रन बनाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप में तीसरी बार 400+ का स्कोर बनाया। यह टीम ऐसा करने वाली पहली टीम है। दूसरे नंबर पर भारत और ऑस्ट्रेलिया हैं, जिन्होंने एक-एक बार ऐसा किया है।वनडे क्रिकेट में यह आठवीं बार था जब दक्षिण अफ्रीका ने 400 से ज्यादा का स्कोर किया। भारत इस लिस्ट में छह बार के साथ दूसरे और इंग्लैंड पांच बार के साथ तीसरे स्थान पर हैं। 428 का स्कोर वनडे में दक्षिण अफ्रीका का तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 439 रन बनाए थे। वहीं, प्रोटियास ने दो बार 438 का आंकड़ा छुआ है। 2006 में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 438/6 रन बनाए थे, जबकि 2015 में भारत के खिलाफ भी 438/4 रन बनाए थे। 428 रन श्रीलंका के खिलाफ वनडे में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया उच्चतम स्कोर है। दक्षिण अफ्रीका ने इस मामले में भारत को पीछे छोड़ा। भारतीय टीम ने 2009 में श्रीलंका के खिलाफ राजकोट में 414/7 रन बनाए थे। भारत में यह किसी भी टीम द्वारा बनाया दूसरा उच्चतम स्कोर भी है।दक्षिण अफ्रीका की ओर से तीन खिलाड़ियों ने शतक लगाए। इनमें क्विंटन डिकॉक (100 रन), रसी वान डर डुसेन (108 रन) और एडेन मार्करम (106 रन) शामिल हैं। यह वनडे विश्व कप में पहली बार है जब किसी मैच की एक पारी में तीन खिलाड़ियों ने शतक लगाए हों। वनडे में ऐसा कुल चार बार हुआ है।

Share This News :