Homeदेश विदेश ,खास खबरे,slider news,
PM मोदी ने पांच साल का एजेंडा रखा, कहा- 2022 तक न्यू इंडिया बनाएंगे

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शानदार जीत के बाद आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यकर्ताओं से मिलते हुए भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय 11 अशोका रोड पहुंचे। पीएम मोदी अशोक रोड पर कुछ दूर पैदल चलकर कार्यकर्ताओं के अभिवादन को स्वीकार करते हुए कार्यालय पहुंचे। वहां उनका स्वागत पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने किया। मोदी ने कार्यालय में पहुंचकर सबसे पहले दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माला अर्पण की, इसके बाद पार्टी अध्यक्ष के कमरे से होते हुए मुख्यालय में बने स्वागत मंच पर पहुंचे।

मोदी ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपको होली के पावन पर अनेक-अनेक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव एक लोक शिक्षण का महापर्व है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के उत्सव को मनाने में लोग जुड़ते चले जा रहे है। मैं इसे शुभ संकेत मानता हूं।

उन्होंने कहा कि पांचों राज्यों के चुनाव एक प्रकार से 2014 से ऐतिहासिक मैंडेट से भी दो कदम पार्टी को आगे ले जाने वाले चुनाव है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव एक लोक शिक्षण का माह पर्व होता है।

उन्होंने कहा कि मैं न्यू इंडिया देख रहा हूं। भारत की युवा शक्ति देश का सपना है। उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया नारी शक्ति की आकंक्षाओं को पूरा करेगा। नए भारत में गरीबों के लिए संभावनाओं होगी। उन्होंने कहा कि हमारी चार पीढ़िया इस जीत के लिए खप गई हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता ये पद की शोभा की हिस्सा नहीं है, सत्ता सेवा करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग पर बोझ कम होना चाहिए। इससे हमारा मध्यम वर्ग चमकेगा। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने सदस्यता अभियान के द्वारा पूरे विश्व में भारतीय जनता पार्टी को पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि हमसे गलती हो सकती है लेकिन हम कोई भी काम गलत इरादे से नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हम जो भी करेंगे पूरी प्रामणिकता से करेंगे। पीएम मोदी ने इस दौरान अगले पांच साल का एजेंडा रखा। उन्होंने कहा कि हम 2020 तक न्यू इंडिया बनाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की शीर्ष ईकाई संसदीय बोर्ड की बैठक आज होगी। इस बैठक में यूपी और उत्तराखंड के सीएम का नाम तय किया जाएगा। पहले यह बैठक शनिवार को होने वाली थी, लेकिन यूपी-उत्तराखंड सहित पांच राज्यों के नतीजों के बाद पार्टी ने तय किया कि रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया जाएगा और उसके बाद संसदीय बोर्ड की बैठक होगी।

राजनाथ, मौर्य, मनोज सिन्हा यूपी की रेस में

शनिवार को घोषित पांच राज्यों के चुनाव परिणामों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड पूरी तरह भगवा रंग में रंग गया। यूपी में भाजपा ने 311 और उत्तराखंड में 57 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। दोनों ही प्रदेशों में भाजपा ने पहली बार इतनी सीटों पर जीत हासिल की। इस जीत के बाद से गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, दिनेश शर्मा, यूपी बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और योगी आदित्यनाथ सीएम पद की रेस में है। हालांकि अंतिम फैसला बीजेपी संसदीय की बैठक में होगा।

UP-उत्तराखंड में बीजेपी की सबसे बड़ी जीत, पंजाब में लौटी कांग्रेस

उत्तर प्रदेश में दलों के दावे और एग्जिट पोल एक बार फिर ध्वस्त हो गए। 1991 में मंदिर आंदोलन के वक्त बीजेपी को यूपी में 419 में से 221 सीटें मिली थीं। जबकि कांग्रेस महज 46 सीटों पर सिमट गई थी। जानकारों का मानना है कि इस ऐतिहासिक जीत ने जहां मोदी सरकार के सर्जिकल स्ट्राइक और नोटबंदी के फैसले पर जनता की मुहर लगा दी है वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव की नींव भी रख दी है। पीएम मोदी की प्रतिष्ठा से जुड़ा उनका लोकसभा क्षेत्र काशी भी पूरी तरह केसरिया रंग में रंग गया। यहां सभी आठों सीट पर भाजपा ने परचम लहराया। आजादी के बाद पहली बार किसी पार्टी के गठबंधन ने यहां सभी सीटें जीती हैं।

कांग्रेस का खराब प्रदर्शन

कांग्रेस ने 27 साल के वनवास से उबरने के लिए प्रदेश में तीसरी बार किसी दल से गठबंधन किया था। मगर वह सिर्फ 7 सीटों पर सिमट गई। वहीं, सपा अपने गढ़ को खोने के कगार पर पहुंच गई है। पूर्वांचल के दस जिलों की 61 सीटों में सपा को सिर्फ 12 और बसपा को 7 सीटें मिली हैं। यहां कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो गया। फिरोजाबाद, मैनपुरी और एटा की 13 सीटों में सपा सिर्फ 4 और बसपा 1 सीट हासिल कर सकी। वेस्ट यूपी में रालोद का भी सूपड़ा साफ हो गया। उसे केवल छपरौली की सीट जीत मिली।

उत्तराखंड में भी भाजपा ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया। भाजपा ने पहली बार यहां 57 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस सिर्फ 11 सीटें हासिल कर सकी। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 31 जबकि कांग्रेस ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

कांग्रेस को पंजाब ने उबारा

चुनाव परिणामों के लिहाज से पंजाब कांग्रेस के लिए शानदार रहा। भाजपा से कांग्रेस में आए नवजोत सिंह सिद्धू और सीएम पद के दावेदार अमरिंदर सिंह की जोड़ी ने सभी को पीछे छोड़ दिया। चुनाव परिणाम से पहले मजबूत दिख रही ‘आप’ 20 सीटों से ऊपर नहीं जा सकी। अकाली और भाजपा गठबंधन को भी जनता ने सिरे से नकार दिया।

 

 

मोदी ने ट्वीट किया कि एक नया भारत उभर रहा है, जिसके पास 125 करोड़ भारतीयों की ताकत और क्षमता है। यह भारत विकास का पक्षधर है। उन्होंने आगे लिखा, वर्ष 2022 में जब हम आजादी के 75 वर्ष पूरे करेंगे तब तक हमें ऐसा भारत बना लेना चाहिए जिस पर गांधी जी, सरदार पटेल और डॉ बाबा साहेब आंबेडकर को गर्व हो।

Share This News :