Homeखेल ,
श्रीलंका की भारत पर रिकॉर्ड जीत, चैंपियंस ट्रॉफी में उम्मीद कायम

अोवल। श्रीलंका ने बल्लेबाजों के धमाकेदार प्रदर्शन से गुरुवार को चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप 'बी' के मैच में भारत पर 7 विकेट से रिकॉर्ड जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदों को कायम रखा। भारत ने शिखर धवन के शतक से 6 विकेट पर 321 रन बनाए जवाब में श्रीलंका ने 8 गेंद शेष रहते 3 विकेट खोकर जीत दर्ज की। उसने वन-डे क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करते हुए जीत दर्ज की है। एंजेलो मैथ्यूज 52 और असेला गुणरत्ने 32 रन बनाकर नाबाद रहे।

श्रीलंका इससे पहले भी लीड्‍स में 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ 322 रनों के लक्ष्य को हासिल कर चुका है। अब उसने अपने इस रिकॉर्ड की बराबरी की। चैंपियंस ट्रॉफी का ग्रुप 'बी' अब रोमांचक हो गया है। चारों टीमों ने 1-1 मैच जीते है और अब दो अंतिम लीग अब मैच क्वार्टर फाइनल की तरह होंगे। भारत को अब दक्षिण अफ्रीका का सामना करना है जबकि पाकिस्तान की भिड़ंत श्रीलंका से होगी। अभी नेट रनरेट के मामले में भारत पहले, द. अफ्रीका दूसरे, श्रीलंका तीसरे और पाकिस्तान चौथे स्थान पर है।

322 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहे श्रीलंका को ठोस शुरुआत की दरकार थी, लेकिन डिकवेला (7) ने भुवी की गेंद पर पाइंट पर जडेजा को कैच थमा दिया। 11 रनों पर पहला विकेट खोने के बाद गुणतिलका और मेंडिस ने श्रीलंका की पारी को मजबूती प्रदान की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 159 रनों की भागीदारी की। यह साझेदारी उस वक्त टूटी जब गुणतिलका जोखिमभरा दूसरा रन चुराने के प्रयास में रन आउट हुए। उन्होंने 72 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। श्रीलंका अभी इस सदमे से उबरे भी नहीं थे कि मेंडिस भी रन आउट हो गए। परेरा ने भुवी की गेंद को मिडऑन की तरफ खेला और सिंगल के लिए दौड़े, भुवी ने जबर्दस्त दौड़ लगाते हुए गेंद को उठाया और सीधे थ्रो पर स्ट्राइकर छोर पर मेंडिस को रन आउट कर दिया। उन्होंने 93 गेंदों में 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से 89 रन बनाए।

इसके बाद कुशल परेरा (47 रिटायर्ड हर्ट) ने मैथ्यूज के साथ तीसरे विकेट के लिए 75 रनों की भागीदारी की। इसके बाद चोट के कारण परेरा रिटायर्ड हर्ट होकर पैवेलियन लौटे। इसके बाद मैथ्यूज ने असेला गुणरत्ने को साथ लेकर टीम को जीत दिलाई।

इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी के महत्वपूर्ण मुकाबले में श्रीलंका ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। रोहित शर्मा और धवन ने भारत को ठोस शुरुआत दिलाते हुुए रिकॉर्ड शतकीय भागीदारी की। यह उनकी लगातार तीसरी शतकीय भागीदारी है जो भारत की तरफ से रिकॉर्ड है। इस साझेदारी को लसिथ मलिंगा ने तोड़ा जब उन्होंने रोहित शर्मा को थिसारा परेरा के हाथों लांग लेग पर झिलवाया। रोहित ने 79 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 78 रन बनाए। भारत इस सदमे से उबरा भी नहीं था कि नुवान प्रदीप ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को विकेटकीपर डिकवेला के हाथों झिलवाया, वे खाता भी नहीं खोल पाए।

पिछले मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी करने वाले युवराज इस बार असफल रहे। वे मात्र 7 रन बनाकर गुणरत्ने की गेंद को स्टंप्स पर खेल बैठे। धवन ने एक छोर थामे रखा था और वे स्कोरबोर्ड को चलायमान बनाए हुए थे। धवन ने प्रदीप की गेंद पर चौका लगाते हुए शतक पूरा किया। उन्होंने 112 गेंदों में 13 चौकों की मदद से यह उपलब्धि हासिल की। यह उनका वन-डे में 10वां और श्रीलंका के खिलाफ तीसरा शतक है। धवन की शतकीय पारी का अंत मलिंगा ने उन्हें लांग लेग बाउंड्री पर मेंडिस के हाथों झिलवाकर किया। उन्होंने 128 गेंदों में 15 चौकों और 1 छक्के की मदद से 125 रन बनाए। हार्दिक पांड्‍या मात्र 7 रन बनाकर चलते बने।

धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन के सिलसिले को जारी रखते हुए फिफ्टी बनाई। वे 52 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर परेरा के शिकार बने, लेकिन उन्होंने टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। केदार जाधव 25 और रवींद्र जडेजा बिना कोई रन बनाए नाबाद रहे। 

Share This News :