Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
अब मुंबई के शख्स ने किया दो लाख करोड़ के काले धन का खुलासा, आयकर ने किया खारिज!

गुजरात के कारोबारी महेश शाह द्वारा 13860 करोड़ रुपये के काले धन के खुलासे के बाद अब मुंबई के एक शख्स ने इनकम डिक्लेरेशन स्कीम (आईडीएस) के तहत दो लाख करोड़ रुपए के काले धन का खुलासा किया है। हालांकि आयकर विभाग ने इस दावे को खारिज कर दिया है।

दरअसल, मुंबई के जिस शख्स के नाम पर दो लाख करोड़ के काले धन का खुलासा किया गया है, उस शख्स के नाम का कोई भी इंसान मुंबई के बांद्रा इलाके में नहीं रहता है। जो पता आईटी विभाग को दिया गया है, उस घर में पिछले सात सालों से कोई भी नहीं रहता है। वित्त मंत्रालय ने आईडीएस के तहत घोषित कालाधन को संशोधित कर 67,382 करोड़ रुपये कर दिया है। इससे सरकार को प्रत्यक्ष कर राजस्व के रूप में 30,000 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक मिलेगा। हालांकि इसमें दो बड़ी राशि के दाखिल ब्योरों को शामिल नहीं किया गया है।

वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आयकर विभाग ने अहमदाबाद स्थित महेश कुमार चंपकलाल शाह द्वारा घोषित 13,860 करोड़ रुपये की घोषणा पर विचार नहीं किया है। शाह ने उन राजनेताओं और व्यापारियों के नाम सार्वजनिक करने की धमकी दी है, जिसके लिये वह काम कर रहे थे।

बयान के अनुसार जो घोषणा प्राप्त हुई है, उसमें उच्च मूल्य की दो घोषणाओं को उक्त आंकड़े में शामिल नहीं किया गया। इसका कारण उसका संदिग्ध पाया जाना था क्योंकि उनकी घोषणा करने वाले छोटे संसाधन वाले लोग थे। इसमें कहा गया है कि एक अक्टूबर 2016 को यह घोषणा की गई थी कि कुल 64,275 घोषणाकर्ताओं ने 65,250 करोड़ रुपये का खुलासा किया है जिनका अंतिम मिलान किया जाना बाकी है। अंतिम मिलान के बाद पाया गया कि कुल 71,726 घोषणाकर्ताओं ने 67,382 करोड़ रुपये के खुलासे किये।

इस चूक के बारे में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने ट्विटर पर लिखा है कि 65,000 करोड़ रुपये के आईडीएस में 13,860 करोड़ रुपये का गोलमाल है। आईडीएस‘ और कितना गोलमाल।’’

Share This News :