Rahul Gandhi ने Video जारी कर कहा, ‘साहिल की FIR आखिरकार दर्ज हुई, लेकिन जिस तरह हुई, वो देखिए’
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोचब के मामले में FIR दर्ज होने पर प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने कहा कि साहिल की शिकायत पर आखिरकार FIR दर्ज हो गई, लेकिन इसे दर्ज करने के तरीके पर सवाल उठाया.
राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “साहिल की FIR आखिरकार दर्ज हुई। लेकिन जिस तरह से हुई, वो आपको जरूर देखना चाहिए।”
घंटे के धरने के बाद दर्ज हुई FIR
साहिल लोचब ने आरोप लगाया था कि 20 जुलाई को दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन चलने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनका दावा था कि शिकायत देने के बावजूद दिल्ली पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही थी।
इसके बाद राहुल गांधी ने संसद मार्ग थाने में करीब 8 घंटे तक धरना दिया और साहिल की शिकायत पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की।
साहिल का दावा है कि उनका AIIMS में ऑपरेशन हुआ, लेकिन इसके बावजूद उनकी एक आंख की रोशनी प्रभावित है।
राहुल गांधी ने AIIMS रिपोर्ट का हवाला देकर उठाए थे सवाल
राहुल गांधी इससे पहले भी इस मामले में दिल्ली पुलिस पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने AIIMS की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया था कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा पैलेट के छर्रे हैं, जबकि उनकी आंख में तीन छर्रे बताए गए हैं।
राहुल गांधी ने सवाल उठाया था कि दिल्ली पुलिस पैलेट गन चलाने से इनकार कर रही है, तो फिर गोली किसने चलाई। उन्होंने कहा था कि घटना में अपराध हुआ है और इसकी जांच होनी चाहिए।
BNS की इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
दिल्ली पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118 और 125 के तहत FIR दर्ज की है। धारा 118 खतरनाक हथियार या साधन से स्वेच्छा से चोट या गंभीर चोट पहुंचाने से संबंधित है, जबकि धारा 125 किसी व्यक्ति के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य से जुड़ी है।
पवन खेड़ा ने भी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला। ANI से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकार ने पैलेट फायरिंग से इनकार किया और बाद में दबाव बढ़ने पर FIR दर्ज की गई।
खेड़ा ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कोई इस सरकार की आत्मकथा लिखे तो उसका नाम ‘रायता’ रखा जाना चाहिए।
साहिल लोचब ने राहुल गांधी को कहा धन्यवाद
साहिल लोचब ने FIR दर्ज कराने की मांग का समर्थन करने के लिए राहुल गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बिना शायद उनकी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं हो पाती।
मामले में अब FIR दर्ज होने के बाद जांच की दिशा पर नजर रहेगी। खास तौर पर यह जांच महत्वपूर्ण होगी कि 20 जुलाई की घटना में कथित पैलेट गन का इस्तेमाल किसने किया और साहिल को लगी चोटों के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।