Homeराज्यो से ,खास खबरे,
तीन बड़े नेताओं की पत्नियों के लोकसभा चुनाव लडऩे की चर्चा

प्रदेश के तीन बड़े नेताओं की पत्नियों के लोकसभा चुनाव लडऩे की चर्चा है। उनकी राजनीतिक सक्रियता भी बढ़ी है। कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया के दौरे गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र में शुरू हो रहे हैं। ये कयास लगने लगे हैं कि वे ग्वालियर या गुना से उम्मीदवार हो सकती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता सिंह के इंदौर से चुनाव लडऩे की चर्चा है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह विदिशा से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा है। साधना का विदिशा से पुराना नाता है और वे यहां लगातार सक्रिय रही हैं।
- प्रियदर्शनी : गुना या ग्वालियर प्रियदर्शनी के लोकसभा चुनाव लडऩे की चर्चा तब शुरू हुई, जब उनके समर्थकों ने ये मांग उठाई। लोकसभा प्रभारी ने भी संगठन को उनके नाम की सिफारिश की। प्रियदर्शनी की लगातार सक्रियता इन बातों को और पुख्ता कर रही है। वे 18 फरवरी से नौ दिवसीय दौरा शुरू कर रही हैं। इस दौरान महिला सम्मेलनों में शामिल होंगी और अलग से भी महिला जनसंपर्क करेंगी। कार्यकर्ता लगातार उनके चुनाव लडऩे की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं को लगता है कि उनके चुनाव लडऩे से पार्टी के पास गुना और ग्वालियर दोनों सीटें जीतने की गारंटी हो जाएगी। कांग्रेस प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी कहते हैं कि कार्यकर्ता लगातार ये मांग उठा रहे हैं।
- अमृता सिंह : इंदौर या राजगढ़ अमृता सिंह नर्मदा परिक्रमा के दौरान छह माह तक दिग्विजय सिंह के साथ रहीं हैं। ऐसे में उनका जनसंपर्क भी हुआ है। अमृता के राजगढ़ से चुनाव लडऩे की संभावना कम है, लेकिन इंदौर से कांग्रेस की ओर से वो चेहरा हो सकती हैं। हालांकि, इस बारे में दिग्विजय पहले ही कह चुके हैं कि वे राजनीति में नहीं आएंगी।
- साधना सिंह : विदिशा साधना सिंह लगातार विदिशा के संपर्क में रही हैं। भाजपा शिवराज सिंह चौहान को पूरे देश में प्रचार के लिए भेजने की तैयारी कर रही है, इसलिए साधना को विदिशा से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। विदिशा लोकसभा सीट एकलौती ऐसी सीट है, जिसे भाजपा नेताओं ने एक-दूसरे को गिफ्ट की है। ये सीट पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने शिवराज को सौंपी थी। सीएम बनने के बाद शिवराज ने इस सीट को सुषमा स्वराज को गिफ्ट में दिया था। अब सुषमा ने चुनाव नहीं लडऩे का फैसला लिया है।

Share This News :